सफीदों। बहादुरपुर गांव में कांवड़ यात्रा के दौरान शुरू हुआ विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। बुधवार दोपहर बाद पंचायत के दौरान दोनों पक्ष एक बार फिर आमने-सामने आ गए थे। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर ईंट-पत्थर बरसाए। मामले में शुक्रवार को एक पक्ष की शिकायत पर केस दर्ज होने के बाद शनिवार को दूसरे पक्ष की शिकायत पर 29 नामजद समेत 54 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
जानकारी के अनुसार, गांव बहादुरपुर के दो अलग-अलग समाज के युवा डाक कांवड़ लेने हरिद्वार गए थे। मुजफ्फरनगर तक एक पक्ष के युवा आगे चल रहे थे। इसके बाद दूसरे पक्ष के युवा आगे निकल गए। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के युवाओं में कहासुनी और विवाद हो गया। आरोप है कि रास्ते में एक पक्ष के युवाओं ने दूसरे पक्ष के कांवड़ियों का रास्ता रोककर उनके साथ मारपीट की। गांव लौटने के बाद भी दोनों पक्षों में पथराव हुआ।
बुधवार को गांव के मौजूदा सरपंच, पूर्व सरपंचों और अन्य वरिष्ठ ग्रामीणों ने विवाद सुलझाने के लिए पंचायत बुलाई थी। पंचायत में दोनों पक्षों के युवा भी मौजूद थे। इसी दौरान आरोप है कि रोशन काना अपने बेटे प्रिंस के साथ गाड़ी में अन्य युवाओं को लेकर वहां से निकला। आरोप है कि गली में मौजूद दूसरे पक्ष के युवाओं और महिलाओं के बीच से गाड़ी निकाल दी गई। गाड़ी की चपेट में आने से आशीष की टांग टूट गई। एक महिला के घायल होने और उसकी टांग टूटने की भी बात सामने आई है।
शुक्रवार को आशीष की शिकायत पर पुलिस ने 22 नामजद समेत 42 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया था। इसके बाद शनिवार को दूसरे पक्ष की ओर से कृष्ण कुमार ने सदर थाना पुलिस को शिकायत दी। कृष्ण कुमार ने आरोप लगाया कि दूसरे पक्ष के लोगों ने लाठी-डंडों और तलवारों से उनके समाज के लोगों पर हमला किया। उन्होंने जान से मारने की कोशिश करने, मोबाइल छीनने, बच्चों का रास्ता रोकने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप भी लगाए।
पुलिस ने कृष्ण कुमार की शिकायत पर विजेंद्र, जितेंद्र, बेबी, आशीष, जतिन, सोनू, बिंदर, रामनिवास, अक्षय, अनीश, बिरमा, अमरजीत, राजू, सागर, राहुल, सुमित, सोमबीर, बादल, अमन, लाल सिंह, अमित, रेखा, सूरजमुखी, सविता, साहिल, अजय और रवि समेत 29 नामजद और 25 अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
दोनों पक्षों पर केस, जांच शुरू
सदर थाना के जांच अधिकारी राजेश कुमार ने बताया कि दोनों पक्षों की ओर से दी गई शिकायतों के आधार पर मामले दर्ज किए गए हैं। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।