जींद। ऑनलाइन होटल रिव्यू, गूगल रिव्यू टास्क पूरा करने पर रिवार्ड और रुपये कमाने का झांसा देकर दो लाख 24 हजार 800 रुपये ठगने पर साइबर थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है।
डिफेंस कॉलोनी निवासी साधना ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 4 दिसंबर को उसके टेलीग्राम अकाउंट पर मैसेज आया, जिसने घर में बैठे ऑनलाइन होटल रिव्यू, गूगल रिव्यू समेत विभिन्न टास्क करने पर रिवार्ड करने तथा निवेश करने पर अच्छा मुनाफा होने के बारे में बताया। इसके बाद उसने कहे अनुसार 32 हजार 500 रुपये दूसरे की आईडी में भेज दिए। इसके बाद उसने अलग-अलग अकाउंट में और भी राशि भेजी। इसके चलते वह दो लाख 24 हजार रुपये 500 रुपये भेज चुकी थी। जब उसने राशि को वापस मांगी तो उसे और राशि जमा कराने के लिए कहा। इस पर उसे ठगी होने का अहसास हुआ। साइबर थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ धोखाधड़ी समेत विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।