जींद। गोहाना रोड पर बस अड्डे के नजदीक एक मेडिकल स्टोर संचालक पर लाठी-डंडों से हमला कर घायल करने के आरोप में सिविल लाइन थाना पुलिस ने चार युवकों विशू, विमल, विजय, उदय को नामजद करने के अलावा चार अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
बिरोली गांव निवासी आकाश ने सिविल लाइन थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह बस अड्डे के सामने गुरु मेडिकल स्टोर के नाम से दुकान चलाता है। 7 जुलाई को उसके गांव के आशीष और साहिल कैथल से कांस्टेबल की परीक्षा देकर उसके मेडिकल स्टोर पर आए थे। दोनों को उसके साथ गांव जाना था। रात लगभग नौ बजे गांव के ही उदयवीर, उसका लड़का, विशु, विमल, विजय, मेडिकल के ऊपर लैपटॉप रिपेयर करने की दुकान चलाने वाला व तीन अन्य उसकी दुकान में आकर गाली-गलौज करने लगे।
जब उसने गाली देने से मना किया तो विशु ने उसके सिर पर पहले रॉड मारी, फिर लाठी-डंडों से हमला किया। जब आशीष और साहिल छुड़ाने लगे तो उदयवीर ने आशीष का गला पकड़ लिया। उन पर भी हमला कर दिया। जब उसने बचाव के लिए शोर मचाया तो हमलावर जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। उसने आरोप लगाया कि उसके गले से सोने की चेन भी टूट गई जो नहीं मिली। उसने बताया कि गल्ले से 98 हजार रुपये और मोबाइल फोन भी गायब हो गया। जांच अधिकारी एसआई बलदेव सिंह ने बताया कि इस मामले में विशु, विमल, उदयवीर, विजय तथा चार अन्य युवकों के खिलाफ लाठी-डंडों से हमला करने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में मामला दर्ज करने के बाद जांच शुरू कर दी है।