उचाना (जींद)। पीआर धान बेचना अब किसानों के लिए परेशानी का सबब बनता जा रहा है। कई दिनों से मंडी में अपनी फसल बेचने का इंतजार कर रहे किसानों ने बुधवार को दूसरे दिन भी पीआर धान की खरीद की मां को लेकर मंडी के सामने धान से भरी ट्रैक्टर-ट्राॅली को खड़ा करके दिल्ली-पटियाला नेशनल हाईवे जाम कर दिया। जाम की सूचना मिलने के बाद पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचा।
किसानों की खरीद शुरू किए जाने की मांग को लेकर मार्केट कमेटी सचिव नरेंद्र कुंडू पहुंचे। पीआर धान की खरीद शुरू करवाने का आश्वासन देने के बाद किसानों ने जाम खोल दिया। लगभग सवा घंटे लगे जाम के कारण यात्रियों तथा वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। मंगलवार को भी पीआर धान की खरीद को लेकर किसानों ने नेशनल हाईवे पर जाम लगाया था।
किसान अमित, अनिल, साधु, ओमप्रकाश, रमेश ने कहा कि नमी के नाम पर किसानों को परेशान किया जा रहा है। सभी ढेरियों पर मिलर के मीटरों की बजाय मार्केट कमेटी के मीटर से जांच की जाए। यहां पर दो ही मिल पीआर धान की खरीद के लिए अलॉट किए गए हैं। बीते सीजन में इनकी संख्या ज्यादा थी। खरीद के लिए दूसरे मिल भी अलॉट किए जाए। नमी के पर किसानों को तंग किया जा रहा है। मजबूरी में किसानों को रोड जाम करना पड़ा। मार्केट कमेटी सचिव नरेंद्र कुंडू ने कहा कि साफ, सूखी पीआर धान लेकर किसान लेकर आए, ताकि आते ही उनकी पीआर धान बिक सके। मार्केट कमेटी का नमी जांच मीटर भी साथ में मार्केट कमेटी कर्मचारी के पास होता है। मिलर अलॉट सरकार द्वारा किए जाते हैं। जिस धान में नमी अधिक है, वो ही नहीं बिक रही है।