स्कूल के अंदर घुसने का प्रयास करते किसान
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
जींद रोड पर स्थित एक निजी स्कूल में रविवार को चल रही भाजपा की त्रिदेव कार्यशाला का किसानों ने विरोध किया। काफी संख्या में किसानों ने स्कूल में घुसने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने उन्हें रोक लिया। इसके बाद किसान जींद-पानीपत सड़क पर जाम लगाकर बैठ गए। पुलिस ने भाजपा के जिला प्रधान राजू मोर, राई के विधायक मोहनलाल बड़ोली, जींद के विधायक कृष्ण मिड्ढा व अन्य पार्टी नेताओं को पिछले दरवाजे से निकाला। इसके बाद ही किसान शांत हुए।
दोपहर को लगभग 12 बजे भाजपा की त्रिदेव कार्यशाला एक निजी स्कूल में शुरू हुई। इसका किसानों को पता चल गया। लगभग एक बजे काफी संख्या में किसान स्कूल के पास जमा होने शुरू हो गए। गांव सिल्लाखेड़ी से काफी किसान ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर पहुंच गए। इसके बाद किसानों ने भाजपा के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। मौके की नजाकत को देखते हुए काफी संख्या में पुलिस बल भी पहुंच गया। जब किसान स्कूल की तरफ बढ़ने लगे तो पुलिस ने उन्हें रोक लिया। इसके बाद किसान सड़क पर ही बैठ गए और जाम लगा दिया।
यह भी पढ़ें: हादसा नहीं हत्या: पिता से शिकायत करना पड़ा भारी, सिरफिरे बेटे ने छह लोगों को गाड़़ी से कुचला, दो की मौत
भाजपा जिला प्रधान राजू मोर, विधायक मोहन लाल बड़ोली, विधायक कृष्ण मिड्ढा समेत भाजपा पदाधिकारी स्कूल के पिछले दरवाजे से निकल गए। इसके अलावा काफी भाजपा कार्यकर्ता दीवार कूदकर निकल गए। इसके बाद भाजपा पदाधिकारियों की खाली गाड़ियों को मुख्य गेट से निकाला गया। जब किसानों को पता चला कि भाजपा नेता निकल गए हैं तो वह शांत हुए। यह सब लगभग पौने तीन बजे तक चला।
इस दौरान पुलिस कर्मचारियों व किसानों के बीच काफी बहस भी हुई। किसानों ने भाजपा नेताओं की गाड़ियों को काले झंडे भी दिखाए। कार्यक्रम में पूर्व मंत्री बचन सिंह आर्य, भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता विजय पाल एडवोकेट, पूर्व विधायक कलीराम पटवारी, भाजपा कर्मबीर सैनी भी रहे। कार्यक्रम में बूथों के अध्यक्ष, बूथ पालक व बीएलओ-टू इन तीनों जोड़कर त्रिदेव नाम दिया गया था।