जींद। जाट धर्मशाला में रविवार को ढांडा गोत्र का मिलन समारोह आयोजित किया गया। इसकी अध्यक्षता ढांडा खाप के प्रधान देवव्रत ढांडा ने की। कार्यक्रम में ढांडा गोत्र के लगभग 150 गांवों के तीन हजार लोगों ने भाग लिया। मुख्यातिथि के रूप में पहुंचे पूर्व मंत्री चौधरी कंवल सिंह डाबड़ा व प्रदेश की समाज कल्याण मंत्री कमलेश ढांडा ने आपसी भाईचारे को मजबूत करने का संदेश दिया। कार्यक्रम की शुरुआत हवन-यज्ञ से की गई।
देवव्रत ढांडा ने कहा कि देश में माहिल, मोहिल, महला, मल्हान, महलान, महलावत यह सभी गोत्र ढांडा गोत्र में ही आते हैं। इन सभी गोत्र के लोगों को आपसी भाईचारा बढ़ाना चाहिए। कार्यक्रम में प्रदेश ही नहीं बल्कि अन्य राज्यों से भी ढांडा गोत्र के लोग पहुंचे। पूर्व मंत्री चौधरी कवल सिंह डाबड़ा ने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रमों से पता चलता है कि हमारे गोत्र के लोग कहां-कहां पर हैं। उन सभी को एक-दूसरे के बारे में जानने का मौका मिलता है। प्रदेश की समाज कल्याण मंत्री कमलेश ढांडा ने कहा कि आपसी भाईचारा जितना मजबूत होगा, उतना ही हम समाज को मजबूत कर पाएंगे। कार्यक्रम में 20 खापों व तपों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। कार्यक्रम को विधायक अमरजीत ढांडा, डॉ. कृष्ण मिड्ढा, पानीपत ग्रामीण से विधायक महिपाल ढांडा, पूर्व विधायक प्रेमलता, 84 खाप बावल के प्रधान सुमेर सिंह बावल, कैप्टन बुधराम महला, एडवोकेट राजेंद्र सिंह महलावत, आईएएस जयबीर आर्य, ढांडा खाप के संयोजक एडवोकेट जयलाल, बराह खाप के प्रधान कुलदीप ढांडा, सुनील आर्य, संदीप भारती, जयभगवान गतौली, ओमप्रकाश चेयरमैन खरकरामजी, दिलबाग ढांडा, रघबीर नंबरदार, रामफल चेयरमैन किठाना, मास्टर चंद्रप्रकाश, महीर सिंह, सत्यवान सरपंच मिर्चपुर, हितेश हिंदुस्तानी ने संबोधित किया।