तकनीकी खराबी के बाद खेत में उतरा आर्मी का हेलिकॉप्टर और दूसरे हेलिकॉप्टर से तकनीकी खामी दूर करने पहुंची टीम।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
आर्मी के हेलिकॉप्टर में तकनीकी खामी आने के चलते रविवार सुबह उसकी हरियाणा के नरवाना में जाजनवाला गांव में गेहूं के खेतों में आपातकालीन लैंडिग करवानी पड़ी। हेलिकॉप्टर में पायलट समेत सेना के चार जवान मौजूद थे। हेलिकॉप्टर और जवान सभी सुरक्षित हैं। सूचना मिलते ही सदर थाना नरवाना पुलिस मौके पर पहुंच गई।
इस दौरान दूसरे हेलिकॉप्टर से सेना की तकनीकी यूनिट को मौके पर बुलाया गया है। लगभग पांच घंटे की जांच के बाद हेलिकॉप्टर को ठीक कर लिया गया। शाम लगभग पांच बजकर दस मिनट पर आर्मी के हेलिकॉप्टर ने दिल्ली के लिए उड़ान भरी। हेलिकॉप्टर के अचानक खेतों में उतरने से ग्रामीणों की मौके पर भीड़ लग गई।
सेना का एआई-1123 हेलिकॉप्टर रविवार सुबह भटिंडा से दिल्ली जा रहा था। जब हेलिकॉप्टर गांव जाजनवाला के ऊपर से गुजर रहा था, तभी हेलिकॉप्टर में कुछ तकनीकी खामी आ गई। इस पर पायलट ने उसे गांव जाजनवाला निवासी जबर सिंह के खेत में सुरक्षित उतार लिया। आपात लैंडिग के दौरान न तो हेलिकॉप्टर को किसी प्रकार का कोई नुकसान पहुंचा न ही उसमें सवार किसी जवान को।
खेतों में हेलिकॉप्टर को उतरता देख काफी संख्या में ग्रामीण खेतों में पहुंच गए। सूचना पर सदर थाना नरवाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। बताया जा रहा है कि हेलिकॉप्टर में पायलट के अलावा कर्नल शेखर, हवलदार सौरभ सिंह समेत तीन जवान मौजूद थे। एसपी कुलदीप सिंह ने कहा कि सेना के हेलिकॉप्टर की खेत में आपात लैंडिग हुई थी। किसी प्रकार के नुकसान की सूचना नहीं है। पुलिस बल को मौके पर भेज दिया गया था।