जींद। बड़ौदा के पास सर्विस स्टेशन पर बंद बॉडी कंटेनर की सफाई कर रहे चालक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। इसकी सूचना मिलने पर उचाना थाना पुलिस फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंची और जायजा लिया। बताया जा रहा है कि कंटेनर में केमिकल से गैस बनने के कारण हादसा हुआ है। उचाना थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।
उत्तर प्रदेश के जिला शाहजहांपुर के फतेहपुर निवासी 27 वर्षीय ओमवीर वीरवार शाम को बंद बॉडी कंटेनर को लेकर सोनीपत से टोहाना जा रहा था। गांव बड़ौदा के पास सर्विस स्टेशन पर वह कंटेनर की सफाई करवाने के लिए रुक गया। सर्विस स्टेशन संचालक को बॉडी के अंदर जाकर टैंक की सफाई करने के लिए कहा तो उसने मना कर दिया। इस पर ओमवीर अंदर जाकर सफाई करने लगा। काफी देर तक जब वह बाहर नहीं आया तो सर्विस स्टेशन वाले को संदेह हुआ। जब उसने अंदर झांक कर देखा तो वह बेसुध पड़ा हुआ था। इस पर उसने आसपास के लोगों को बुलाकर उसे बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलने पर उचाना थाना पुलिस फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचकर जांच की। छानबीन के दौरान सामने आया कि कंटेनर चालक ओमवीर केमिकल को सोनीपत खाली करके आया था। कुछ अंश केमिकल के कंटेनर में रह गए थे। जब वह सफाई के लिए उसके अंदर बनी गैस के संपर्क में आने से उसकी मौत हो गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाने के लिए शव को नागरिक अस्पताल नरवाना में रखवा दिया है।