जींद। हरियाणा सिविल मेडिकल सर्विसेज एसोसिएशन की राज्य स्तरीय बैठक ऑनलाइन हुई। इसमें सरकार से चिकित्सकों की मांगों को तुरंत हल करने की मांग की गई। वक्ताओं ने कहा कि यदि सरकार ने उनकी मांगें जल्द पूरी नहीं कीं तो एसोसिएशन आंदोलन करने को मजबूर होगी।
जिला प्रधान डॉ. देवेंद्र बिंदलिश, उपप्रधान डॉ. रघुबीर पूनिया, सचिव डॉ. अरुण व महासचिव डॉ. राजेश भोला ने कहा कि सरकारी अस्पतालों में कार्यरत चिकित्सकों की मांगों को सरकार नजरंदाज कर रही है। वर्ष 2019 में मुख्यमंत्री व स्वास्थ्य मंत्री के साथ हुई एसोसिएशन की बैठक में कई फैसले लिए गए थे। इसमें यह भी निर्णय लिया गया था कि एसएमओ की सरकार सीधी भर्ती नहीं करेगी। इसे पदोन्नति के आधार पर ही भरा जाएगा। इसके बावजूद सरकार अब सीधे एसएमओ की भर्ती कर रही है। पीजी नीति में बदलाव करने, एसीपी इस समय 5, 10 व 15 वर्ष पर मिलता है, जिसे 4, 9, 13, व 20 वर्ष पर करने की मांगें शामिल थी। एसोसिएशन ने कहा कि यदि सरकार ने अपनी मनमानी करने की कोशिश की तो एसोसिएशन प्रदेश स्तर पर आंदोलन करने को मजबूर होगी।