जींद। जिले में डेंगू का प्रकोप कम होने का नाम नहीं ले रहा। वीरवार को 67 सैंपलों में से 23 की डेंगू रिपोर्ट पॉजिटिव आई। हालांकि बुधवार को जींद में 28 डेंगू के मरीज मिले थे। पिछले कई दिनों से जिले में डेंगू के मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है।
वीरवार को आए डेंगू के केस में 17 मरीज अकेले जींद शहर के हैं। इसके अलावा एक पिंडारा, एक आसन, एक अमरहेड़ी, एक ईंटल कलां, एक अहिरका, एक धनौरी गांव में डेंगू पॉजिटिव मिला है। इसके अलावा सिविल सर्जन कार्यालय को तीन रिपोर्ट हिसार से मिली है। इसमें से दो मरीज जींद शहर व एक मरीज गांव कैरखेड़ी गांव का है। नागरिक अस्पताल में फिलहाल डेंगू के सात मरीज दाखिल हैं। इसके अलावा शहर के निजी अस्पतालों में डेंगू के काफी मरीज हैं। डेंगू के प्रकोप को रोकने के लिए स्वास्थ्य विभाग लगातार फॉगिंग करवा रहा है। इसके बावजूद भी डेंगू के मरीजों की संख्या कम होने का नाम नहीं ले रही। इसके अलावा स्वास्थ्य विभाग की टीम ने डेंगू के प्रकोप को बढ़ने से रोकने के लिए गांव व शहर की कॉलोनियों में जाकर जागरूकता अभियान चलाया हुआ है। इस दौरान वह घरों में जाकर बुखार से पीड़ित लोगों के रक्त की जांच कर दवाई दे रहे हैं तो वहीं लोगों को हल्का बुखार होने पर चिकित्सकों से इलाज की सलाह दे रहे हैं।
अब बढ़ाई जाएगी सैंपलों की संख्या
डिप्टी सिविल सर्जन मलेरिया डॉ. तीर्थ बागड़ी ने बताया कि वीरवार को कुल 67 सैंपल लिए गए थे। जिनमें से 26 डेंगू के मरीज मिले हैं। इसमें से 19 मरीज अकेले जींद शहर के हैं। अब जिले में डेंगू के सैंपलों की संख्या बढ़ाई जाएगी, ताकि डेंगू की अधिकता वाले क्षेत्र में फोगिंग करवाई जा सके और अन्य लोगों को डेंगू होने से बचाया जा सके।