लोगों को डेंगू के बारे में जागरूक करती स्वास्थ्य विभाग की टीम। संवाद।
- फोटो : Jind
जींद। जिले में लगातार डेंगू के मामले बढ़ते जा रहे हैं। सोमवार को जींद के रहने वाले दो लोगों में डेंगू की पुष्टि हुई है। इन दोनों ने अपनी जांच मेडिकल कॉलेज खानपुर में करवाई है। मेडिकल कॉलेज खानपुर ने इसकी रिपोर्ट सिविल सर्जन कार्यालय जींद को दी है।
स्वास्थ्य विभाग अब इन दोनों मरीजों से संपर्क करके इनके बारे में जानकारी हासिल कर रहा है। इसके अलावा दोनों के घरों के आसपास के लोगों के मंगलवार को स्वास्थ्य विभाग सैंपल लेगा। जिले में इस वर्ष अब तक 16 लोगों में डेंगू की पुष्टि हो चुकी है। पिछले दस दिन में ही 12 लोगों की डेंगू रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। हालांकि सभी मरीजों का स्वास्थ्य पूरी तरह से ठीक है।
नागरिक अस्पताल में दाखिल एक युवक की प्लेटलेट्स अब बढ़ने लगी है। उम्मीद है कि वह एक-दो दिन में छुट्टी लेकर घर पहुंच जाएगा। इसके अलावा अन्य लोग घरों पर ही इलाज ले रहे हैं। यह लोग भी लगातार डेंगू से निजात पाने की तरफ बढ़ रहे हैं। जिन दो लोगों की रिपोर्ट मेडिकल कॉलेज खानपुर से मिली है, स्वास्थ्य विभाग उनके परिजनों से संपर्क का प्रयास कर रहा है। यदि यह लोग पिछले 10 दिनों में जींद में रहे हैं तो इनके घरों के आसपास के लोगों के सैंपल लिए जाएंगे। यदि यह पता चला कि यह लोग दस दिन से जींद से बाहर हैं तो फिर इनके परिजनों व अन्य लोगों के सैंपल लेने की जरूरत नहीं है।
डिप्टी सिविल सर्जन मलेरिया डॉ. तीर्थ बागड़ी ने बताया कि मेडिकल कॉलेज खानपुर से दो लोगों की डेंगू रिपोर्ट पॉजिटिव मिली है। स्वास्थ्य विभाग यह पता लगाने का प्रयास कर रहा है कि यह लोग जींद से कब गए थे और जींद में कहां के रहने वाले हैं। इसके बाद इनके परिजनों व आसपास के लोगों के सैंपल लिए जाएंगे।