बहुजन समाज पार्टी के कार्यकर्ताओं ने मांगों को लेकर रानी तालाब से लघु सचिवालय तक प्रदर्शन किया। इसके बाद नगराधीश होशियार सिंह को मांगों का ज्ञापन सौंपा।
बसपा द्वारा डॉ. आंबेडकर की प्रतिमा स्थापित करने, मेडिकल कॉलेजों की बढ़ाई गई फीस वापस लेने, जुलाना विधानसभा क्षेत्र के 42 गांवों के पीने के पानी की समस्या का समाधान करने, तीन कृषि कानूनों को वापस लेने, अनुसूचित जाति के छात्रों की छात्रवृत्ति जारी करने की मांग की।
बसपा प्रदेश महासचिव डॉ. अनिल रंगा, सोनीपत लोकसभा प्रभारी एडवोकेट देशराज सरोहा ने कहा कि मुख्यमंत्री ने सात जून 2018 को जींद में डॉ. आंबेडकर की प्रतिमा स्थापित करने की घोषणा की थी। आज तक यह प्रतिमा नहीं लगाई गई। मेडिकल कॉलेजों की सालाना फीस 53 हजार रुपये से बढ़ाकर 10 लाख करके गरीब लोगों के साथ कुठाराघात किया है। इस फीस वृद्धि को वापस लिया जाए। जुलाना के 42 गांवों में पीने के पानी की समस्या है, इसका समाधान किया जाए। पुरानी कर्मचारी पेंशन नीति बहाल की जाए, प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत राशि मुहैया करवाई जाए, तीनों कृषि कानूनों को वापस लिया जाए, अनुसूचित छात्रों की 2017 से छात्रवृत्ति बकाया है, को जारी किया जाए। बसपा पदाधिकारियों ने राष्ट्रपति के नाम नगराधीश होशियार को मांगों का ज्ञापन सौंपा। इस मौके पर जिला प्रधान धर्मवीर भुक्कल, नरेश गौतम, बनारसी दास, जिले सिंह कश्यप सूरजभान, नरेश, लाला पुरुषोत्तम दास बुरेवाला, द्वारका फुलिया, रामदेव चमार, धर्मवीर बडनपुर, मनोज, राकेश दहिया, आजाद चमार, धर्मवीर, प्रवीण, राजेंद्र भी मौजूद रहे।