हरियाणा के जींद में पिंडारा रेलवे ओवरब्रिज पर स्वास्थ्य विभाग की गाड़ी और बाइक की टक्कर में बाइक सवार रधाना निवासी 19 वर्षीय अंकुश व 22 वर्षीय सोनू की मौत हो गई, जबकि गाड़ी सवार महिलाकर्मी समेत दो लोग घायल हो गए। घटना की जानकारी मिलने पर सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और नागरिक अस्पताल में परिजनों के बयान दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिया।
शुक्रवार दोपहर बाद रधाना निवासी अंकुश व सोनू जींद से बाइक पर सवार होकर घर लौट रहे थे। जब वह पिंडारा रेलवे ओवरब्रिज पर पहुंचे तो सामने से आ रही स्वास्थ्य विभाग की गाड़ी से आमने-सामने की भिड़ंत हो गई। इसमें अंकुश तथा सोनू गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं गाड़ी चालक व उसमें सवार महिला स्वास्थ्यकर्मी भी घायल हो गईं।
चारों को एंबुलेंस की सहायता से सामान्य अस्पताल पहुंचाया गया जहां चिकित्सकों ने अंकुश तथा सोनू को मृत घोषित कर दिया। अंकुश 11वीं कक्षा का जबकि सोनू आईटीआई का छात्र था। सिविल लाइन थाना प्रभारी रविंद्र कुमार ने बताया कि पिंडारा रेलवे ओवरब्रिज पर हुए सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। जिस गाड़ी से हादसा हुआ वह स्वास्थ्य विभाग की है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
तबीयत खराब होने पर अंकुश आया था दवा लेने
शुक्रवार को तबीयत खराब होने के कारण अंकुश शहर के नागरिक अस्पताल में दवा लेने के लिए आया था। जब वह दवा लेकर वापस गांव जाने के लिए अस्पताल से बाहर निकला तो उसके गांव का ही साथी सोनू बाइक लेकर वहां से गुजर रहा था तो उसने भी उसके साथ गांव जाने के लिए बाइक रुकवाई। जिसके बाद वह दोनों रेलवे ओवरब्रिज पर स्वास्थ्य विभाग की गाड़ी से टक्कर होने पर मौत हो गई।