हरियाणा के जींद शहर की पुरानी अनाज मंडी के 60 वर्षीय व्यापारी हंसराज ने जहरीला पदार्थ खाकर जान दे दी। व्यापारी ने कई लोगों ने उधार सामान लिया पर रुपये नहीं लौटाए। इसके अलावा व्यापारी के अपने ही भाइयों के साथ दुकान को लेकर विवाद चल रहा था। इस परेशान होकर व्यापारी ने जहर खाकर जान दे दी। पुलिस ने दस लोगों के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने का मामला दर्ज किया है।
रोहतक रोड स्थित चौड़ी गली निवासी मनीष जिंदल ने शहर थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसके पिता हंसराज ने पुरानी अनाज मंडी में सुनील ढांडा के हिस्सेदारी में बीज व कीटनाशक की दुकान की है। दुकान से आसपास गांव के किसान दवाइयां, खाद, बीज, खल-बिनौला ले जाते थे और पैसे दे जाते थे।
आरोप है कि गांव मिर्चपुर निवासी रामनिवास उर्फ निवासा पर 12.50 लाख, गांव मिर्चपुर निवासी सोनू पर 95 हजार, गांव मनोहरपुर निवासी राजकुमार पर 3.15 लाख, गांव बराह खुर्द निवासी कपूर पर 1.75 लाख, रधाना निवासी संजय पर 70 हजार रुपये बकाया थे। सभी ने दुकान से खाद, बीज, दवाइयां, खल बिनौला लिए थे, लेकिन पैसे नहीं लौटाए।
कई बार पिता हंसराज ने तगादा किया। आर्थिक तंगी की वजह से उसके पिता ने पुरानी अनाज मंडी की एक दुकान व मकान भी सस्ते दामों में बेच दी। इसके अलावा नई अनाज मंडी जींद में दुकान को लेकर परिवार के ही पुरानी अनाज मंडी निवासी सोनू जिंदल, सुरेश जिंदल, दिल्ली के बुध विहार निवासी बबलू जिंदल, रोहिणी निवासी बलराज, चौड़ी गली जींद निवासी ईश्वर जिंदल के साथ झगड़ा चल रहा था।
इस दुकान में हंसराज की हिस्सेदारी थी। आर्थिक तंगी को देखते हुए इस दुकान की हिस्सेदारी का हिसाब करने के लिए कई बार गुहार लगाई, लेकिन उन्होंने भी समाधान नहीं किया। इससे परेशान होकर पिता ने दुकान के अंदर ही जहरीला पदार्थ निगल लिया। निजी अस्पताल में उन्होंने दम तोड़ दिया।
इन पर दर्ज हुआ केस
शहर थाना प्रभारी दिनेश ने बताया कि हिसार जिले के गांव मिर्चपुर निवासी रामनिवास उर्फ निवासा, सोनू, मनोहरपुर गांव निवासी राजकुमार, बराह खुर्द निवासी कपूर, गांव रधाना निवासी संजय, पुरानी अनाज मंडी निवासी सोनू जिंदल, सुरेश जिंदल, दिल्ली के बुध विहार निवासी बबलू जिंदल, रोहिणी निवासी बलराज,चौड़ी गली जींद निवासी ईश्वर जिंदल के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने का मामला दर्ज किया गया है।