जिगोलो बनाने का झांसा देकर जुलाना थाना क्षेत्र के एक युवक से साढ़े आठ लाख रुपये हड़पने के आरोप में साइबर थाना पुलिस ने दो लोगों को नामजद किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जुलाना थाना क्षेत्र के गांव के एक व्यक्ति ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसने अपने नाम से फेसबुक आईडी बनाई हुई है।
जिसके माध्यम से रोबिन मंडल व शंभू नाम के व्यक्ति से उसकी दोस्ती हुई और फोन पर बातचीत का सिलिसिला शुरू हो गया। जिसमें उसे जिगोलो बनाने का झांसा देकर प्रति घंटे के हिसाब से आठ से नौ हजार रुपये देने का झांसा दिया।
यह भी पढ़ें : वाह रे सरकारी सिस्टम: बुजुर्गों को मृत दिखा पेंशन काटी तो विधवाओं के पति किए जिंदा
शिकायतकर्ता ने बताया कि 25 अगस्त को रोबिन ने उससे आईडी और फोटो लिए। साथ ही 2100 रुपये ज्वाइनिंग के नाम पर मांगे गए और आईडी कार्ड बनाने का झांसा दिया गया। जिस पर उसे आईकार्ड भी जारी कर दिया गया और सर्टिफिकेट भी दिया गया। आरोपी ने 6500 रुपये सेफ्टी किट के नाम पर जमा करवा लिए।
साथ ही एक ड्राइवर का मोबाइल नंबर भी दिया गया। पुलिस सर्टिफिकेट के नाम पर उस से 38 हजार रुपये लिए गए। 29 अगस्त को उसके पास फोन आया कि कंपनी द्वारा उसे दो लाख 47 हजार रुपये दिए जाएंगे और अकाउंट नंबर ले लिया। राशि उसके खाते में डालने के साथ होल्ड होने की बात कही गई।
इसी प्रकार किसी न किसी कागजात की कमी होने की बात कह कर उस से आठ लाख 50 हजार रुपये हड़प लिए गए। दोनों व्यक्ति जल्द राशि वापस होने की बात कहते रहे। इसके काफी समय बाद तक उसके खाते में ठगी गई राशि वापस नहीं आई। साइबर थाना पुलिस ने युवक की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी के आरोप में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।