जींद के गांव पिंडारा स्थित शराब ठेके पर रात को साढ़े आठ बजे दो युवकों ने सेल्समैन पर चाकुओं से हमला कर दिया और दस हजार रुपये की नकदी लूट ली। पुलिस ने सेल्समैन की शिकायत पर अज्ञात युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
गंभीर हालत में सेल्समैन को करवाया गया नागरिक अस्पताल में दाखिल
सिविल लाइन थाना पुलिस को दी शिकायत में भिवानी रोड शांति नगर निवासी गोविंद ने कहा कि वह पिंडारा गांव में बने देसी व अंग्रेजी शराब ठेके पर सेल्समैन का काम करता है। रात को लगभग साढ़े आठ बजे शराब ठेके पर दो युवक आए। उन्होंने कहा कि छह देसी शराब की बोतल दे दो और इसे पेटी में डालकर दे देना। गोविंद ने कहा कि जब उसने ठेके का दरवाजा खोला तो दोनों युवक उसको धक्का देकर अंदर घुस गए।
दो अज्ञात युवकों के खिलाफ सिविल लाइन थाना पुलिस ने किया मामला दर्ज
एक युवक के हाथ में चाकू था तथा दूसरे युवक के हाथ में ड्रिल मशीन। अंदर आते ही दोनों ने कहा कि पैसे कहां हैं। गोविंद ने जब मना किया तो उस पर एक युवक ने चाकुओं से हमला कर दिया। जब उसने बचाव किया तो दोनों हाथों में चाकू लग गया। इससे वह लहूलुहान हो गया।
दोनों युवक ठेके के गल्ले में रखी दस हजार रुपये की नकदी लेकर फरार हो गए। आसपास के लोगों को जब पता चला तो उन्होंने गोविंद को नागरिक अस्पताल में दाखिल करवाया। सिविल लाइन थाना प्रभारी सोमबीर ढाका ने कहा कि पुलिस ने दो अज्ञात युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।