शहर के शिव चौक पर युवक लक्की की हत्या करने के आरोपी को पुलिस ने शनिवार को अदालत में पेश किया। जहां से आरोपी को तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। रिमांड के दौरान पुलिस हत्या के मामले में शामिल अन्य आरोपियों के बारे में पूछताछ करेगी। वाल्मीकि बस्ती निवासी अनिल कुमार ने 20 अप्रैल को शहर थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसके बेटे लक्की की तीन साल पहले रामराये गेट निवासी सोम के साथ किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया था और झगड़े के बाद से आरोपी सोम उसके बेटे लक्की से रंजिश रखता था।
इसी रंजिश के चलते पहले भी उस पर दो बार जानलेवा हमला करवा चुका है। अब भी सोम उसके बेटे की कई दिन से हत्या करने की फिराक में था। आरोपी सोम की शातिर बदमाश गांव पड़ाना निवासी सोमबीर, गांव नगूरां निवासी राकेश मिढ़ा, चौड़ी गली रोहतक रोड निवासी आशीष खोखर से दोस्ती है और आरोपी कई दिन से उसके बेटे के पीछे पड़े थे। वीरवार देर शाम को जब उसका बेटा बाइक पर सवार होकर शिव चौक पर गया था तो इसी दौरान इस गैंग के लोगों ने बाइक सवार दो युवकों से गोली मारवाकर हत्या करवा दी।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर रामराये गेट निवासी सोम, गांव पड़ाना निवासी सोमबीर, गांव नगूरां निवासी राकेश मिढ़ा, चौड़ी गली रोहतक रोड निवासी आशीष खोखर, वाल्मीकि बस्ती निवासी विनोदी, संदीप, मुकेश वाल्मीकि, सुरेंद्र के खिलाफ हत्या, शस्त्र अधिनियम और साजिश रचने का मामला दर्ज किया था। पुलिस ने इस मामले में आरोपी सोम को गिरफ्तार करके अदालत में पेश किया। जहां से आरोपी को तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है।