पौली गांव में शुक्रवार रात शादी में डीजे पर विवादित हरियाणवी गाना बजाने को लेकर हुए दो गुटों के झगड़े में पुलिस ने 17 लोगों को नामजद कर 10-12 अन्य लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। झगड़े में दोनों गुटों से एक-एक युवक घायल हुआ था। पौली गांव के एक गुट के सुनील की शिकायत पर पुलिस ने रमेश, जयभगवान, मुकेश, सुमित, दलसिंह, मोहित, संजय, जयभगवान, कमल, गगन, सतपाल के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
वहीं दूसरे गुट के कमल की शिकायत पर सुनील, काला, कुलबीर, सतीश, बबलू सहित 10-12 अन्य के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। गौरतलब है कि पौली गांव में शुक्रवार को रामकुमार के लड़के की शादी में किसी जाति विशेष पर डीजे पर हरियाणवी गाना बजा। एक समुदाय के लोगों ने गाना बंद करने को कहा। गाना बंद न होने पर कुछ लोगों ने डीजेवाले का लैपटॉप भी छीन लिया था। गांव के कुछ लोगों ने यह लैपटॉप डीजे वाले को वापस करवा दिया था। इसके बाद फिर से डीजे पर गाना बजने को लेकर दो समुदाय के लोग आपस में भिड़े गए थे। लाठी एवं डंडे चले जिसमें पौली गांव के सुनील व कमल जख्मी हो गए थे।
पुलिस ने पौली गांव में शादी में डीजे पर हरियाणवी गाना बजाने को लेकर हुए दो गुटों के झगड़े में दोनों गुटों की शिकायत पर 17 लोगों को नामजद कर 10-12 अन्य के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच निष्पक्ष तरीके से की जाएगी। - रोहतास सिंह जुलाना थाना प्रभारी।
जाति सूचक गाना गाने वाले समाज के दुश्मन
जाति सूचक गाने पर बढ़ रहे विवाद के बीच ब्राह्मण उत्थान मंच ने नेहरू पार्क में मीटिंग इसे समाज विरोधी बताया। मंच के प्रधान ओम नारायण शर्मा ने कहा कि हर समाज के लोगों को इस प्रकार के गाने गाने वालों का विरोध करना चाहिए। उन्होंने कहा कि असामाजिक तत्वों के कारण समाज में आपसी भाईचारा खराब हो रहा है।
जुलाना बारहा, नंदगढ़ बारहा, चौगामा की हुई पंचायत
जुलाना (ब्यूरो)। जुलाना के राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में जुलाना बारहा, नंदगढ़ बारहा और चौगामा की महापंचायत हुई। महापंचायत में निर्णय लिया गया कि जातिगत और अश्लील गाने के गायकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो और उनके खिलाफ देशद्रोह का मामला दर्ज हो। अगर सरकार ऐसा नहीं करती है तो समाज ऐसे गायकों को सजा देगा। आपसी भाईचारा किसी भी हालात में खंडित नहीं होने दिया जाएगा। इसकी महापंचायत की अध्यक्षता जुलाना बारहा के प्रधान राजमल लाठर ने की। जुलाना बारहा के प्रधान राजमल लाठर ने कहा समाज किसी व्यक्ति विशेष का नहीं बल्कि राष्ट्र के हित में काम करता है। इस दौरान ओमप्रकाश लाठर, दलेल लाठर, आनंद लाठर, वेदपाल लाठर, महेंद्र ढिगाणा, होशियार सिंह वकील, डॉ. बलबीर आर्य, ओमप्रकाश, मनजीत कुमार, रणवीर पहलवान, प्रदीप सिहाग, सतवीर, भगवान लाठर मौजूद रहे।
पंचायत में पहुंचे डीएसपी और जुलाना थाना प्रभारी
राजकीय स्कूल में हुई पंचायत में सूचना पाकर डीएसपी वीरेंद्र सिंह और जुलाना थाना प्रभारी रोहताश सिंह ढुल मौके पर पहुंचे। यहां पर पंचायत के गणमान्य व्यक्तियों ने जाट समुदाय या अन्य किसी भी जाति पर गाना गाने वालों के खिलाफ कानून कार्रवाई की मांग की। डीएसपी वीरेंद्र सिंह ने पंचायत का मांग पत्र लेते हुए उचित तुरंत कार्रवाई किए जाने का आश्वासन दिया।
वीडियो और ऑडियो पर रोक लगाए प्रशासन
नरवाना (ब्यूरो)। आदर्श जाट महासभा के राष्ट्रीयध्यक्ष डॉ. पवनजीत बनवाला ने जातीय टिप्पणियों से भरे वायर संदेशों पर रोक लगाने की मांग प्रशासन से की है। उन्होंने कहा कि ऐसे संदेश समाज के लिए खतरा हैं। डॉ. बनवाला ने कहा कि ऐसे संदेश आ रहे हैं, जिनमें जाट समाज की महिलाओं के प्रति अपमानजनक बातें की जा रही हैं। पुलिस अधिकारियों के संज्ञान में भी ये मामला लाया गया है, इसके बावजूद ऐसे मैसेज पर रोक नहीं लग रही है।