एचटेट लेवल तीन के पेपर लीक मामले में मुख्य आरोपी सेंटर इंचार्ज राजेंद्र रंधावा तथा सगे भाई जेबीटी टीचर पवन तथा अजय का सुराग पुलिस को नहीं लग पा रहा है। पुलिस सूत्रों के अनुसार आरोपी राजेंद्र रंधावा की मोबाइल की आखिरी लोकेशन जम्मू आई थी, लेकिन उसके बाद से मोबाइल बंद हो गया।
एसआईटी ने जम्मू कश्मीर में भी दबिश दी, लेकिन आरोपी का सुराग नहीं लगा पाया। वहीं, आरोपी सोनीपत निवासी पवन तथा अजय का नाम सामने आने के बाद परिवार के सदस्य भी भूमिगत हो गए हैं। हालांकि, पुलिस ने उनका सुराग लगा लिया है और पुलिस उन्हें हिरासत में लेकर आरोपियों के बारे में पूछताछ कर सकती है।
मोबाइल फोन बंद
पेपर लीक मामले के मुख्य तीनों आरोपियों के मोबाइल बंद होने के चलते अभी तक सुराग नहीं लग पाया है। हालांकि पुलिस लगातार दिल्ली, चंडीगढ़, यूपी तथा जम्मू कश्मीर के क्षेत्र में दबिश दे रही है। आरोपियों का सुराग लगाने के लिए हर तकनीकी का सहारा लिया जा रहा है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
एसएसपी अभिषेक जोरवाल ने बताया कि फिलहाल पेपर लीक के मुख्य आरोपी फरार चल रहे है। आरोपियों के परिवार के सदस्य भूमिगत हो गए थे, लेकिन उनका सुराग लग गया है। आरोपियों का सुराग लगाने के लिए पुलिस कार्रवाई कर रही है।