नरवाना में दबलैण रोड पर दो बाइकों की आमने-सामने की टक्कर में चार लोगों की मौत हो गई जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी को नागरिक अस्पताल नरवाना में लाया गया। यहां चार शवों को शवगृह में रखवा दिया है जबकि दो घायलों को रोहतक पीजीआई के लिए रेफर कर दिया। एक बाइक पर पांच लोग सवार थे जबकि एक बाइक पर एक व्यक्ति अकेला था। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई।
गांव लोहचब निवासी मक्खन उर्फ संजय (26) बाइक पर सवार होकर नरवाना की मेला मंडी से धान बेचकर अपने गांव जा रहा था। जब वह बुधवार की शाम सात बजे दलबैन गांव के पास पहुंचा तो सामने से आ रही एक अन्य बाइक से उसकी बाइक की सीधी टक्कर हो गई। दूसरी बाइक पर पांच लोग सवार थे। जो दलबैन की तरफ से नरवाना की तरफ आ रहे थे। इस टक्कर में सभी छह लोग घायल हो गए।
सुचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सभी घायलों को नागरिक अस्पताल नरवाना में पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने गांव लोहचब निवासी मक्खन उर्फ संजय, गांव पिंजपुरा निवासी रोहताश (20) , गांव ढाकल निवासी दीपक (22), गांव कर्मगढ़ निवासी विक्रम (22) को मृत घोषित कर दिया। वहीं इस हादसे में गांव ढाकल निवासी सचिन (20) और पिंजपुरा निवासी अजय (21) की गंभीर हालत को देखते हुए पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया।
यह भी पढ़ें - ऐलनाबाद उपचुनाव लड़ेंगे किसान: अखिल भारतीय स्वामीनाथन संघर्ष समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष विकल पचार होंगे उम्मीदवार
पुलिस ने सभी चारों शवों को कब्जे में लेकर शव गृह में रखवा दिया है और सूचना परिजनों को दे दी है। गुरुवार सुबह सभी का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा। फिलहाल पुलिस को किसी ने भी अपने बयान दर्ज नहीं करवाए हैं। रात को बयान दर्ज करने के बाद पुलिस मामला दर्ज करेगी। हादसे का कोई ठोस कारण फिलहाल सामने नहीं आया है लेकिन एक बाइक पर पांच लोग सवार होना ही हादसे का कारण माना जा रहा है।
पुलिस मामले की जांच कर रही है। शवों का पोस्टमार्टम करवाकर गुरुवार सुबह परिजनों को सौंप दिया जाएगा।
-वसीम अकरम, एसएसपी जींद