दो युवकों ने अपने आपको पुलिस कर्मचारी बताकर शहर के बीचोंबीच स्थित सैनी रामलीला ग्राउंड के पास बुधवार रात को एक व्यक्ति से दो ट्रैक्टर छीन लिए। पीड़ित व्यक्ति ने घटना की सूचना शहर थाना पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची और क्षेत्र की नाकाबंदी कर आरोपियों की तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा।
वीरवार को पुलिस ने नारनौंद थाना क्षेत्र से दोनों ट्रैक्टरों को बरामद कर लिया। पुलिस ने ट्रैक्टर चालक की शिकायत पर अज्ञात बाइक सवार दो युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव बड़ी, अंबाला निवासी जोगेंद्र बुधवार रात को पंजाब से दो ट्रैक्टरों को आगे-पीछे जोड़कर राजस्थान लेकर जा रहा था। जब वह जींद शहर के बीच से निकलने वाले रास्ते से निकल रहा था तो सैनी रामलीला ग्राउंड के निकट दो बाइक सवार युवकों ने इशारा करके ट्रैक्टर को रुकवा लिया।
इस दौरान दोनों युवकों ने अपने आपको पुलिस कर्मचारी बताया और यातायात नियमों की अवहेलना करने की बात कहकर थाने चलने की बात कही। ट्रैक्टर चालक जोगेंद्र युवक के बाइक पर बैठकर चला गया। थोड़ी दूरी पर चलने के बाद युवक ने जोगेंद्र को बाइक से नीचे उतार दिया। जब वह वापस सैनी रामलीला ग्राउंड के पास पहुंचा तो उसके दोनों ट्रैक्टर गायब थे।
शहर थाना प्रभारी तेजवीर ने बताया कि चालक से दो युवकों ने पुलिस कर्मी बताकर ट्रैक्टर छीने थे। दो अज्ञात युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। छीने गए ट्रैक्टरों को बरामद कर लिया है। मामले की जांच जारी है।