शहर के भिवानी रोड स्थित वाल्मीकि बस्ती में गली में बैठे कुत्ते को लात मारने को लेकर दो गुट आमने-सामने हो गए। इस दौरान लगभग एक दर्जन युवकों ने कुत्ते को लात मारने का विरोध करने वाले के मकान पर पथराव कर दिया। इस दौरान आरोपियों ने फायरिंग कर दी और गोली दरवाजे में जा धंसी। मकान पर पथराव तथा गोली चलने की सूचना पाकर शहर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने चार युवकों को नामजद कर आठ-दस अन्य के खिलाफ घर पर पथराव करने तथा शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार वाल्मीकि बस्ती निवासी मुकेश बुधवार रात को गली में खड़ा हुआ था। इसी दौरान कॉलोनी का ही राहुल गली से निकल रहा था और उसने मुकेश के घर के सामने बैठे कुत्ते को लात मार दी। कुत्ते को लात मारने का मुकेश ने विरोध किया और दोनों में कहासुनी हो गई। उस समय तो आसपास के लोगों ने मामले को शांत कर दिया, लेकिन थोड़ी ही देर के बाद राहुल अपने लगभग एक दर्जन से अधिक साथियों के साथ मुकेश के घर के सामने पहुंचा और हंगामा करना शुरू कर दिया। इस दौरान आरोपियों ने मुकेश के मकान के ऊपर पथराव कर दिया। पथराव होता देखकर मुकेश तथा उसके परिवार के सदस्य घर के अंदर घुस गए। इसके बाद भी आरोपियों का हंगामा जारी रहा और आसपास के मकानों पर भी पथराव कर दिया। इस दौरान आरोपियों ने अपने पास मौजूद असलाह से मुकेश के मकान पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने मुकेश की शिकायत पर शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। रोहतक रोड चौकी प्रभारी सुखबीर सिंह ने बताया कि कुत्ते को लात मारने को लेकर झगड़ा हुआ है। हमला करने वाले आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।