रविवार रात को जींद के उजाना में बरवाला-बनभौरी रोड पर मनदीप किसान सेवा केंद्र के नाम से पेट्रोल पंप पर पिस्तौल व तेजधार हथियार दिखा कर दस हजार नकदी व मोबाइल लूटकर बाइक सवार युवक फरार हो गए। पुलिस ने पेट्रोल पंप मालिक मंदीप बुडायन की शिकायत पर लूटपाट करने सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया।
विज्ञापन
मनदीप कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में कहा कि दो जनवरी की रात को 11 बजकर 50 मिनट पर एक बाइक पर बुडायन की तरफ से तीन युवक आए। एक युवक कुल्हाड़ी, दूसरा युवक हाथ में गंडासा व तीसरे युवक के पास पिस्तौल थी। बदमाशों ने सेल्समैन के कमरा का शीशा तोड़ कर पिस्तौल के बल पर सेल्समैन फूलकुमार से 4425 रुपये, संदीप से 5514 रुपये एवं मंदीप का मोबाइल छीन कर ले गए।
बुडायन की तरफ बाइक सवार वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। चौकी इंचार्ज बलवान सिंह कहा कि मंदीप बुडायन की शिकायत पर तीन युवकों के खिलाफ लूटपाट सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
बड़ौदा के पास भी पंप पर हुई थी वारदात
26 दिसंबर की अलग सुबह बड़ौदा गांव के पेट्रोल पंप तीन युवकों द्वारा पेट्रोल पंप से पिस्तौल दिखा कर लगभग 25 हजार रुपये की नकदी लूटी गई थी। अब तक इस मामले में भी पुलिस के हाथ खाली हैं। यहां भी बुडायन गांव में हुई वारदात की तरह ही लूटपाट की घटना को अंजाम दिया था। थाना प्रभारी सोमबीर ढाका ने बताया कि सीआईए व पुलिस थाना से टीम बना कर लूटपाट की घटना को अंजाम देने वालों को पकड़ने के लिए टीम लगी है।