हिसार-चंडीगढ़ राष्ट्रीय मार्ग पर गांव दनौदा व सच्चाखेड़ा के बीच सवारियों से भरी चंडीगढ़ ट्रांसपोर्ट की बस के अगले टायर का स्पेंडल टूटने के कारण पलट पलट गई। इसमें बस में सवार 14 यात्रियों को काफी चोट आई, जबकि अन्य यात्रियों को मामूली चोट आई है। हादसा होते ही आसपास के लोग मौके पर पहुुंच गए और घायलों को उपचार के लिए सामान्य अस्पताल में दाखिल करवाया गया। चिकित्सकों ने तीन यात्रियों की गंभीर हालात देखते हुए पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और स्थिति का जायजा लिया।
पुलिस के अनुसार, चंडीगढ़ डिपो की बस को चालक दीवान सिंह बृहस्पतिवार को सिरसा से चंडीगढ़ के लिए रवाना हुई थी। जब बस गांव सच्चाखेड़ा से कुछ ही दूरी पर निकली तो अगले टायर का स्पेंडल अचानक टूट गया और बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। बस पलटते ही बस में चीख पुकार शुरू हो गई। बाद में आसपास के लोगों ने बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला और अस्पताल में दाखिल करवाया गया। बस के पलटने से उकलाना निवासी शिव कुमार, गांव हंसडैहर निवासी चतर सिंह, अलेवा निवासी कृष्णा, गांव किनाना निवासी सुखदेव, हरिनगर नरवाना निवासी लाडा, सिरसा निवासी कृष्ण, गांव दबलैन निवासी गीता, छोटीबाई, गांव प्रभूवाला निवासी कबीर व अनीष शर्मा, कॉलेखा कैथल निवासी प्रीता, अलेवा निवासी कविता व गांव किरोड़ी निवासी रामफल घायल हो गए। आसपास के लोगों ने घायलों को उपचार के लिए सामान्य अस्पताल में दाखिल करवाया गया। जहां पर चिकितसकों ने घायल प्रीता, अलेवा निवासी कविता व गांव किरोड़ी निवासी रामफल को गंभीर हालत के कारण चिकित्सकों ने रोहतक पीजीआई के लिए रेफर कर दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
गड्ढे के चलते हुआ हादसा
बस चालक ने बताया कि हिसार रोड पर स्थित दनौदा व सच्चाखेड़ा गांव के पास सड़क में गड्ढे होने के कारण स्पेंडल टूट गया। जब उसने बस को नियंत्रित करने का प्रयास किया तो बस का स्टेरिंग भी टूट गया जिस कारण बस पलट गई। वह सिरसा से यात्रियों को लेकर चंडीगढ़ के लिए रवाना हुआ था।
चालक ने निकाला घायलों को बाहर
बस पलटते ही सवारियों में चीख व भय का माहौल था। किसी को नहीं पता था कि अचानक क्या हो गया, लेकिन चालक ने हौसला नहीं खोया और उसने बस का शीशा तोड़ कर स्वयं बाहर निकला और एक-एक करके सभी सवारियों को पलटी हुई बस से बाहर निकाला। इसके बाद 100 नंबर पर फोन कर सवारियों द्वारा पुलिस को इसकी सूचना दी गई। बाद में एक एम्बुलेंस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। कुछ घायलों को राहगीरों की सहायता से सामान्य अस्पताल में दाखिल करवाया गया।