विजिलेंस की टीम ने बुधवार शाम को सफीदों में वन विभाग के गार्ड को छह हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए पकड़ा है। वन विभाग का गार्ड लकड़ी चोरी के मामले में फंसाने की धमकी देकर रिश्वत की मांग कर रहा था। आरोपी गार्ड के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव छप्पार निवासी शिवपाल उर्फ सेवा ने विजिलेंस कार्यालय में शिकायत दी है कि वह साइकिल पर लकड़ी लेकर जा रहा था। सफीदों वन विभाग के गार्ड विजय कुमार ने उसे रोक लिया और विभाग की लकड़ी चोरी करने का आरोप लगाकर मामला दर्ज करने की धमकी दी। वह बार-बार समझता रहा कि यह लकड़ी वह अपने खेत से लेकर आया है, लेकिन वह मामला दर्ज करने की धमकी देता रहा।
इस दौरान उसने मामले को रफा-दफा करने की एवज में छह हजार रुपये की डिमांड की। शिवपाल उसे पैसे देने की बात कहकर वहां से चला आया, लेकिन गार्ड बार-बार मामला दर्ज करवाने की धमकी देकर परेशान करता रहा। इसके बाद गार्ड की शिकायत विजिलेंस टीम को दी।
ड्यूटी मजिस्ट्रेट जींद के नायब तहसीलदार आनंद के नेतृत्व में छापामार टीम ने शिकायतकर्ता शिवपाल को छह नोट एक-एक हजार के पाउडर लगाकर दे दिए। संपर्क साधने पर गार्ड विजय ने शिवपाल को अपने कार्यालय में बुला लिया। रिश्वत की राशि लेने का इशारा मिलते ही टीम ने गार्ड विजय को काबू कर लिया और रिश्वत के तौर पर लिए गए नोटों को बरामद कर लिया। विजिलेंस की टीम ने आरोपी वन गार्ड के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया।