हरगांव इलाके के नयागांव निवासी सुनील (30) पुत्र सरवन बुधवार शाम करीब सात बजे बाइक से जा रहा था। जब वह हरगांव कस्बे में महोली तिराहे पास पहुंचा, तभी एक वाहन उसे टक्कर मारकर निकल गया। हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। युवक की मौत की खबर पाकर वहां ग्रामीण जमा हो गए और पुलिस को सूचना दी।
लेकिन करीब दो घंटा बीत जाने के बाद भी वहां कोई पुलिस कर्मी नहीं पहुंचा। इससे ग्रामीणों ने आक्रोश फैल गया। गुस्साए ग्रामीणों ने सीतापुर-लखीमपुर मार्ग पर ईंटों की दीवार बनाकर जाम लगा दिया। जब लोग नहर के रास्ते से निकलने लगे तो ग्रामीणों ने वहां भी जाम लगा दिया।
गुस्साए ग्रामीणों ने इस दौरान करीब एक दर्जन बस, ट्रक व अन्य वाहनों में तोड़फोड़ की। करीब ढाई घंटे के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। सीओ सदर उमाशंकर भी पहुंचे। लेकिन लोगों ने जाम नहीं खोला। ग्रामीणों ने मृतक के परिवार को मुआवजा देने की मांग पर अड़े हैं। एसडीएम के आने का इंतजार किया जा रहा था।
सीओ उमाशंकर का कहना है कि युवक की मौत के बाद ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर जाम लगा दिया है। कई वाहनों में तोड़फोड़ की है। एसडीएम सदर मौके पर पहुंच रही हैं। उनके आने पर कार्रवाई होगी।