सफीदों में युवक की हत्या के बाद रोते परिजन।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी।
जींद में सफीदों के वार्ड नंबर दो निवासी एक युवक का शव गंदे नाले से मिला है। युवक सोमवार रात को ही घर से लापता था। मृतक के शरीर पर चाकुओं व तेजधार हथियारों के निशान थे। साफ है कि युवक की हत्या करके शव नाले में डाला गया है। गुस्साए परिजनों ने सफीदों के खानसर चौक पर जाम लगाकर जींद-पानीपत रोड ब्लॉक कर दिया।
सोमवार शाम को वार्ड नंबर दो निवासी एक होटल में मैनेजर कार्यरत बलिंद्र सैनी के पास किसी का फोन आया। इसके बाद वह घर से निकल गया। काफी देर रात तक जब बलिंद्र घर नहीं पहुंचा तो परिजनों को चिंता हुआ और उसकी तलाश शुरू की गई। परिजन शहर थाना में भी पहुंचे लेकिन कोई पता नहीं चला। रात को ही उसकी एक ऑडियो वायरल हुई। इसमें बलिंद्र कह रहा है कि मैं आपसे पैसे भी नहीं लूंगा, आप मुझे छोड़ दो। वहीं कुछ लोग कह रहे हैं कि तुझे छोड़ दिया तो लोग मुझे मार देंगे। इसके बाद मामला अधिक संदिग्ध हो गया। परिजनों ने रात में ही शहर थाना पहुंचकर हत्या की आशंका जताई।
इसी बीच कृष्ण नामक एक युवक शहर थाना में पहुंचा और कहा कि उसकी बलिंद्र के साथ हाथापाई हुई थी, इसके बाद उसे कुछ पता नहीं। पुलिस रात को ही कृष्ण को लेकर गंदे नाले के पास पहुंची और सफाई कर्मचारियों को बुलाकर सर्च अभियान चलाया। कुछ देर में वहां से बलिंद्र की बाइक मिली और मौके से एक चाकू भी मिला। जहां से बाइक मिली, उसके कुछ ही दूरी पर बलिंद्र का शव भी मिल गया। सूचना पाकर डीएसपी जितेंद्र खटकड़ व जींद से फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। मृतक की पत्नी सुमन ने कृष्ण पर उसके पति की हत्या के आरोप लगाए हैं। वहीं परिजन खानसर चौक पर धरना देकर बैठ गए। एसपी नरेंद्र बिजरानिया ने कहा कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। प्राथमिक दृष्टि में पैसे के लेनदेन को लेकर हत्या करना सामने आई है। जल्द ही मामला स्पष्ट हो जाएगा।