शहर के डीआरडीए के सामने से एक युवक महिला से 20 हजार रुपये की नकदी छीनकर फरार हो गया। महिला द्वारा शोर मचाए जाने पर आसपास के लोगों ने उसका पीछा किया, लेकिन वह फरार होने में कामयाब हो गया।
महिला पीएनबी बैंक से नकदी निकालकर घर जा रही थी। पैसे छीनने की सूचना पाकर शहर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और बैंक की सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाला। जहां पर एक संदिग्ध युवक की पहचान की गई है।
पुलिस ने महिला की शिकायत पर अज्ञात युवक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। शहर थाना पुलिस के अनुसार गांव रामगढ़ निवासी कृष्णा सोमवार को पीएनबी बैंक से अपने सेवानिवृत्त पति के खाते से पेंशन निकालने के लिए आई हुई थी।
उसने बैंक से बीस हजार रुपये की राशि निकलवा ली और थैले में डालकर बस स्टैंड की तरफ जाने लगी। डीआरडीए के सामने पहले से उसका पीछा कर रहे युवक ने झपटा मारकर उसका थैला छीन लिया।
शोर मचाए जाने पर आसपास के लोगों ने युवक का पीछा किया, लेकिन उसको पकड़ने में कामयाब नहीं हो सके। सूचना पाकर शहर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पीएनबी बैंक के अंदर जाकर सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाला।
सीसीटीवी कैमरों में एक युवक महिला का पीछा करते हुए दिखाई दे रहा है और जैसे ही महिला बैंक से निकली तो युवक भी उसके साथ ही बाहर निकल गया। पुलिस ने बैंक की सीसीटीवी फुटेज को लेकर पैसे छीनने वाले युवक की पहचान के लिए प्रयास शुरू कर दिए। पुलिस ने महिला की शिकायत पर अज्ञात युवक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।