अमर उजाला ब्यूरो
जींद।
अपराध जांच शाखा टीम ने पुलिस की वर्दी पहन राहगीरों से लूटपाट करने वाले गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया। जहां से आरोपियों को तीन दिन के रिमांड पर भेज दिया। रिमांड के दौरान पुलिस आरोपियों से अब तक की गई वारदातों व गिरोह में शामिल उसके अन्य साथियों के बारे में पूछताछ करेगी।
पूछताछ में आरोपियों ने स्वयं की पहचान गांव घसो कलां निवासी कश्मीरी, गांव मनोहरपुर निवासी प्रदीप, गांव बरटा निवासी योगेश्वर, राजेंद्र नगर जींद निवासी सतीश के रुप में हुई है। सीआईए इंचार्ज सुरेंद्र कुमार ने बताया कि इस गिरोह के मास्टर माइंड कश्मीरी को उसके साथियों सहित काबू किया गया हैं। एक अगस्त को कैथल जिले के गांव सिनद निवासी जयप्रकाश ने पुलिस को शिकायत दी कि वह अपने मामा के गांव बेलरखां जा रहा था। जब वह गांव बेलरखां के निकट पहुंचा तो वर्दी में मौजूद कुछ लोग और वर्दी का रौब बनाकर उससे एक लाख की नकदी छीन ली। इसके बाद जयप्रकाश थाने में गया तो पता चला कि नकदी छीनने वाले पुलिस कर्मी नहीं थे। पुलिस ने इस मामले में अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया था। तभी से सीआईए टीम उकत गिरोह की तलाश में थी। सूचना के आधार पर अपराध शाखा पुलिस ने उचाना के निकट से चारों को काबू कर लिया। सभी को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया गया है। ताकि इनसे पुलिस की वर्दी व अन्य सामान व नकदी भी बरामद की जा सके। उन्होंने बताया कि इस गिरोह के तीन सदस्य अभी फरार हैं उन्हें भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
लोगों को पैसे दोगुने करने का लालच देकर भी ठगा
सीआईए इंचार्ज सुरेंद्र कुमार ने बताया कि इन चारों आरोपियों के खिलाफ जींद के अलावा दूसरे जिलों में भी पुलिस की वर्दी पहनकर लूट करने के मामले दर्ज हैं। इस गिरोह का मास्टर माइंड कश्मीरी गांव घसो कलां का रहने वाला है। उसके अन्य साथी भी इन वारदातों में सहयोग देते हैं। दरअसल, ये लोगों के बीच अपने साथियों को छोड़कर पैसे दोगुने करने का लालच देते है और जब कोई इनकी बातों में आकर पैसे लेकर पहुंचता है तो वहां अपनी गाड़ी में पुलिस की वर्दी में पहुंच जाते हैं और पुलिस का रौब दिखाकर पैसे लेकर फरार हो जाते हैं। इस प्रकार की घटनाओं को यह गिरोह अंजाम देता हैं।
अन्य जिलों में कई मामले दर्ज
जींद के अलावा अन्य स्थानों पर भी इस गिरोह के मास्टर माइंड कश्मीरी पर तीन मामले दर्ज है। उसके साथी प्रदीप पर दो और सतीश पर पांच मामले दर्ज है। इसके अलावा अन्य थानों में संपर्क किया जा रहा। ताकि अन्य वारदातों का पता चल सके।
- पुलिस ने तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया
- आरोपियों का गिरोेह लोगों को देता था पैसे दोगुने करने का लालच