बदमाशों ने पुलिस पर की फायरिंग, पांच गिरफ्तार, दो हत्या सहित पांच मामले सुलझे
अमर उजाला ब्यूरो
जींद। जुलाना के बुढ़ाखेड़ा रोड पर कच्चा बाईपास के पास से डिटेक्टिव स्टाफ ने पांच कुख्यात अपराधियों को गिरफ्तार किया है। अपराधियों ने बचाव के लिए पुलिस पर तीन राउंड गोलियां भी चलाईं, लेकिन वे पुलिस की गिरफ्त से बच नहीं पाए। आरोपियों के पास से पुलिस ने दो अवैध पिस्तौल, तीन कारतूस और एक कारतूस का खाली खोल बरामद किया है। इनमें से एक आरोपी 20 साल की सजायाफ्ता मुजरिम है। एक अन्य आरोपी को हिसार अदालत ने भगोड़ा घोषित किया हुआ है। इनकी गिरफ्तारी से हत्या के दो मामलों की गुत्थी सुलझी है। सभी पर कई मामले दर्ज हैं। पांचों को पुलिस ने शुक्रवार दोपहर बाद अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस को उम्मीद है कि रिमांड के दौरान इनसे कई अन्य मामलों का भी खुलासा हो सकता है।
डीएसपी पुष्पा खत्री और डिटेक्टिव स्टाफ इंचार्ज सुरेंद्र कुमार ने पत्रकारों से बातचीत में बताया कि डिटेक्टिव स्टाफ को सूचना मिली कि जुलाना कच्चा बाईपास के पास कुछ युवक हथियारों के साथ किसी वारदात को अंजाम देनेे की फिराक में हैं। टीम जैसे ही मौके पर पहुंची तो आरोपी भागने लगे। पुलिस ने बदमाशों को पकड़न का प्रयास किया तो उन्होंने पुलिस पर फायर करना शुरू कर दिया। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद उन्हें काबू कर लिया। पुलिस द्वारा तलाशी लेने पर आरोपियों के पास से दो पिस्तौल, तीन जिंदा कारतूस और एक चलाया गया कारतूस बरामद हुआ। पकड़े गए आरोपियों की पहचान जुलाना के गांव लिजवाना कलां निवासी श्रीराम उर्फ मोनू, जुलाना निवासी अमन उर्फ बोड़ा, गांव राजगढ़ निवासी अंकुश उर्फ सलैंचर, गांव ज्वारा जिला सोनीपत निवासी रिंकू, गांव बुढ़ाखेड़ा निवासी सोनू उर्फ डोगा के रूप में हुई है।
डीएसपी ने बताया कि सभी आरोपियों ने जींद में दो हत्या, दो हत्या के प्रयास, लूट, जान से मारने की धमकी देने समेत पांच मामलों को कबूल लिया है। अमन हत्या के आरोप में 20 साल का सजायाफ्ता मुजरिम है। पुलिस ने सभी को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है ताकि अन्य वारदातों का खुलासा किया जा सके।
इन वारदातों का हुआ खुलासा
गांव लिजवाना कलां निवासी श्रीराम उर्फ मोनू ने पूछताछ में बताया कि 24 अक्तूबर 2018 को उसने अपने साथी अमन और अंकुश के साथ मिलकर जुलाना निवासी कृष्ण लाठर की हत्या करने के बाद उसका शव नहर मेें फेंक दिया था। बाद में कृष्ण लाठर की लाश भिवानी जिले में नहर से बरामद हुई थी। कृष्ण लाठर की हत्या का मामला शहर थाना जींद में दर्ज है। श्रीराम उर्फ मोनू ने 21 नवंबर 2018 को अपनी साथी रिंकू के साथ मिलकर जुलाना में दुकानदार अजय पर गोली चलाई थी। उसने 16 अगस्त 2018 को अपने साथी अमन और अंकुश के साथ मिलकर राजगढ़ ठेका पर पिस्तौल के बल पर रुपये छीनने की वारदात को अंजाम दिया था। आठ अप्रैल 2018 को उसने अपने साथी अंकुश के साथ मिलकर अपने विरोधी प्रमेंद्र उर्फ ठिल्लू की मां को पिस्तौल दिखाकर जान से माने की धमकी दी थी। सोनू उर्फ डोगा ने जुलाई 2015 को अपने साथी संदीप उर्फ भोलू गांव माली के साथ मिलकर विकास नगर जींद निवासी सन्नी नामक युवक की हत्या कर दी थी।