पुलिस विभाग में तैनात कर्मचारी की सड़क दुर्घटना में मौत
जींद। गांव झाझ कलां के पास सड़क दुर्घटना में पुलिस विभाग में कार्यरत चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी की मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने मृतक के भाई की शिकायत पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
पुलिस को दी शिकायत में पशुपालन विभाग में कार्यरत पटेल नगर निवासी धर्मबीर ने कहा कि उसका सबसे छोटा भाई सुरेश जोकि पुलिस विभाग में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के पद पर कार्यरत है रविवार दोपहर को अपने रिश्तेदार के यहां गांव दनौदा बाइक पर जा रहा था। जब वह गांव झांझ कलां के पास पहुंच तो सामने से आ रहे एक कैंटर चालक ने लापरवाही से गाड़ी चलाते हुए उसके भाई सुरेश की बाइक को टक्कर मार दी। इसमें उसका भाई सुरेश गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास के लोगों ने उसे नागरिक अस्पताल पहुंचा, जहां चिकित्सकों ने उसको मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने धर्मबीर की शिकायत पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।