उलाहना देने गए युवक की चचेरे भाइयों ने कुल्हाड़ी और लाठियों से मारकर की हत्या
अमर उजाला ब्यूरो
जुलाना। गांव रामकली में चचेरे भाइयों के बीच हुई आपसी कहासुनी का उलाहना देने गए 32 वर्षीय युवक की उसके ही चचेरे भाइयों ने कुल्हाड़ी और लाठियां से मारकर हत्या कर दी। युवक को गंभीर हालत में पीजीआई रोहतक ले जाया गया, जहां पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने रविवार सुबह पीजीआई रोहतक में ही शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया। मरने वाले युवक के भाई की शिकायत पर उसके चचेरे भाइयों, चाचा और चाची समेत पांच लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल इस मामले में अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
रामकली गांव निवासी कृष्ण और उसके चचेरे भाइयों के बीच जमीन के कुछ हिस्से के बंटवारे को लेकर शनिवार दोपहर को कहासुनी हो रही थी। जिस समय कृष्ण और उसके चचेरे भाई रमेश आदि के साथ आपसी कहासुनी हुई उस समय पवन वहां मौजूद नहीं था। उस समय तो आसपास के लोगों ने बीच-बचाव करके उन्हें अलग कर दिया। शाम को जब पवन घर पहुंचा तो कृष्ण ने उससे सारी बात बताई। इसके बाद पवन अपने चचेरे भाइयों के पास उलाहना देने के लिए चला गया। कृष्ण ने बताया कि जब पवन चचेरे भाई रमेश, कर्म सिंह, चाचा सर्वजीत व चाची रोशनी के पास पहुंचा तो आरोपियों ने उस पर लाठियों और कुल्हाड़ियों से हमला कर दिया। हमले में गांव का एक अन्य युवक हरीश भी शामिल था। कृष्ण भी पवन के पीछे-पीछे चचेरे भाइयों के घर पहुंचा तो देखा कि लोग पवन पर हमला कर रहे थे। कृष्ण ने कहा कि उसने शोर मचाया तो गांव के काफी लोग जमा हो गए। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। कृष्ण ने पवन को गांव के अन्य लोगों की मदद से रोहतक पीजीआई लेकर आया , जहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही जुलाना पुलिस गांव रामकली पहुंची और घटनास्थल का मौका मुआयना किया। पुलिस ने सुरक्षा के लिहाज से रात में एक पीसीआर गांव रामकली में तैनात कर दिया। पुलिस ने कृष्ण की शिकायत पर उसके चचेरे भाई रमेश, कर्म सिंह, चाचा सर्वजीत, चाची रोशनी और गांव के ही एक अन्य युवक हरीश के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बॉक्स
दो बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
रामकली गांव निवासी पवन की शादी 10 साल पहले हुई थी। पवन को एक आठ वर्ष का बेटा व पांच वर्ष की बेटी है। पवन खेतीबाड़ी का काम करके अपने परिवार का पेट पाल रहा था। पवन की हत्या के बाद दो मासूम बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया है।
बॉक्स
प्लाट को लेकर चल रहा था झगड़ा
रामकली गांव में दो चेचेरे भाइयों की आपसी कहासुनी हो गई थी। उनका किसी प्लाट के बंटवारे को लेकर झगड़ा था। इसी कहासुनी के चलते पवन उलाहना देेने के लिए आरोपियों के घर गया था। तभी पवन पर कुल्हाड़ी एवं लाठियों से हमला कर दिया, जिसमें उसकी मौत हो गई। पुलिस ने एक महिला सहित पांच लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
सुरेंद्र सिंह, जुलाना थाना प्रभारी।