जींद। राजकीय पीजी कॉलेज में सोमवार सुबह 11 बजे क्लास रूम में बैठे बीए प्रथम वर्ष के तीन छात्रों पर तीन अन्य युवकों ने चाकू से हमला कर दिया। दो युवकों के पेट में चाकू लगे हैं, जबकि एक युवक के सिर में। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी कॉलेज से फरार हो गए। कॉलेज के गेट पर खड़े पीसीआर कर्मचारियों ने आरोपियों को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन वे नागरिक अस्पताल के अंदर से होते हुए चकमा देकर फरार हो गए। पुलिस कर्मचारियों व अन्य युवकों ने तीनों घायल छात्रों को नागरिक अस्पताल में दाखिल करवाया। जहां से दो की हालत को गंभीर देखते हुए पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया गया है। जब तीनों युवकों को क्लास रूम से नागरिक अस्पताल लाया जा रहा था तो पूरे कॉलेज परिसर में खून ही खून बिखर गया। पुलिस ने घायल युवक की शिकायत पर तीन अन्य युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव नंदगढ़ निवासी मोहित उर्फ मोनू, अजय व भिवानी रोड स्थित शर्मा कॉलोनी निवासी बादल राजकीय पीजी कॉलेज में बीए प्रथम वर्ष के छात्र हैं। दो दिन पहले इनका कॉलेज में दो-तीन अन्य युवकों के साथ कहासुनी हो गई थी। उस समय पुलिस मौके पर पहुंच गई थी और दोनों पक्षों के युवकों के माता-पिता को मौके पर बुलाकर समझा दिया था। सोमवार सुबह 10 बजे मोहित, अजय व बादल कॉलेज में दूसरी मंजिल पर क्लास रूम में बैठकर पढ़ाई कर रहे थे। कॉलेज की तरफ से इस समय विद्यार्थियों को फ्री किया गया है। पेपर नजदीक होने के कारण काफी विद्यार्थी कॉलेज में प्रैक्टिल बनाने के लिए आते हैं।
घायल तीनों छात्र भी कॉलेज आए हुए थे। तीनों क्लास रूम में सबसे पीछे की बेंच पर बैठे हुए थे। इसी दौरान तीन युवक आए और क्लास में बैठे तीनों युवकों पर चाकुओं से हमला कर दिया। चाकुओं से हमला होता देख अन्य विद्यार्थियों में भगदड़ मच गई। आरोपी युवक हमला करके फरार हो गए। कॉलेज के गेट पर खड़े पीसीआर कर्मचारियों को जैसे ही सूचना मिली तो वो कॉलेज परिसर की तरफ दौड़े। उन्होंने हमला करने वाले तीनों युवकों को कॉलेज भवन से फरार होते देखा और उनका पीछा किया, मगर आरोपी कॉलेज की चहारदीवार फांदकर नागरिक अस्पताल की बिल्डिंग में घुस गए। वहां से पुलिस को चकमा देकर फरार हो गए। तीनों घायल युवकों को नागरिक अस्पताल में दाखिल करवाया गया। जहां से दो की हालत को गंभीर देखते हुए पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया गया।
कमरे की कुंडी लगाकर किया हमला
घायल युवकों ने बताया कि जिस समय वे क्लास रूम में बैठे थे तो आरोपियों ने कमरे के अंदर घुसते ही दरवाजे की कुंडी लगा दी और एक युवक पर जमकर वार किए। इस हमले मोहित पर पांच-छह वार, अजय पर तीन और बादल के सिर में दो वार किए। इसके बाद आरोपी कुंडी खोलकर फरार हो गए।
तीन युवकों को किया नामजद
सिविल लाइन थाना प्रभारी जगदीश चंद्र ने कहा कि घायल युवक बादल की शिकायत पर तीन युवकों डेविड, रिखी व रेढू के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। घायल युवक बादल का आरोपियों के साथ कोई झगड़ा नहीं था। मोहित व अजय का आरोपियों के साथ दो दिन पहले किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ था। पुलिस ने तीन युवकों को नामजद करते हुए मामला दर्ज किया है। अजय व मोहित के बयान के बाद इस मामले की सच्चाई सामने आएगी। फिलहाल पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।