रात में शराब पीने को लेकर किया झगड़ा तो सुबह चाय बना रही पत्नी को कस्सी से काटा
अमर उजाला ब्यूरो
नरवाना। झील गांव में वीरवार सुबह पारिवारिक कहल के चलते मनोज (38) ने अपनी पत्नी को कस्सी से काट डाला और। बहू को बचाने आई मां को भी कस्सी लगी जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। आरोपी की मां को इलाज के लिए पीजीआई अग्रोहा में भर्ती करवाया गया है। मनोज एक ईंट भट्ठे पर ट्रैक्टर चलाता है।
पुलिस के अनुसार मनोज शराब पीने का आदी है। शराब पीने को लेकर आए दिन मनोज का अपनी पत्नी अनीता (35) से अकसर झगड़ा होता रहता था। इसी बात को लेकर बुधवार रात को भी दोनों में कहासुनी हुई, लेकिन रात को ही यह विवाद शांत हो गया। मनोज रात की बात को भूल नहीं पाया। वीरवार सुबह उसकी पत्नी चाय बना रही थी तो वह कस्सी लेकर किचन में पहुंचा और उस पर ताबड़तोड़ हमला करने लगा। मनोज द्वारा कस्सी से हमला करने पर चिल्लाने की आवाज सुनकर उसकी मां रोशनी (55) भागकर मौके पर पहुंची और बहू को बचाने का प्रयास किया, लेकिन मनोज वार करना नहीं रोका। बहू को बचाने में कस्सी लगने से रोशनी भी घायल हो गई। लगातार 5-6 वार करने की वजह से अनीता की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पड़ोसियों ने रोशनी को नागरिक अस्पताल में पहुंचाया। चिकित्सकों ने रोशन की गंभीर हालत को देखते हुए अग्रोहा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
देरी से हुआ पोस्टमार्टम
सदर थाना प्रभारी महेंद्र सिंह ने बताया कि मृतका अनीता के भाई सामैण-पुट्ठी निवासी संजय के बयान पर मनोज के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। दोनों की 1998 में शादी हुई थी। मायका पक्ष के देरी से पहुंचने के कारण पोस्टमार्टम शाम को हो सका।
शराबी ने अपने ही हाथों से उजाड़ा अपना घर
सतबीर धीमान
नरवाना। नशे ने मनोज की सोचने की शक्ति ही समाप्त कर दी थी। मां ने जब अपनी बहू को बचाने का प्रयास किया तो बेटे ने उसके प्रति भी रहम नहीं दिखाया और पत्नी पर वार करता रहा। बचाने में उसकी मां भी घायल हो गई। मनोज द्वारा उठाए गए गलत कदम से उसके तीन बच्चों के सिर से मां का साया उठ गया है। पता चला है कि मनोज की शराब पीने की लत से पूरा परिवार परेशान रहता था। हर रोज शराब के कारण घर में झगड़ा रहता था। पत्नी अनीता चाहती थी कि वह शराब ने पीए और बच्चों को पढ़ाए, मगर वह समझ नहीं रहा था। जिसको लेकर मनोज व अनीता में अकसर अनबन रहती थी। बुधवार को भी मनोज शराब पीकर घर आता और झगड़ा करता था। मनोज को दो लड़के और एक लड़की है। जिसमें 15 वर्षीय राजगुरु, 11 वर्षीय मीनाक्षी और दूसरा लड़का सात वर्षीय अमन है। बच्चे स्कूल से लौटे तो मां नहीं मिली।
पिता का प्लाट बेच बना शराबी
ग्रामीणों के अनुसार मनोज ने अपने पिता की मौत के बाद एक प्लाट बेचा जिसके बाद उसने शराब पीने शुरू कर दिया। मनोज के पिता रामधारी का नरवाना शहर में एक प्लाट था, जिसको मनोज ने अपने पिता की मौत के बाद लगभग 10 लाख रुपये में बेच दिया था। जिस कारण घर में कलह रहती थी।