08जेएनडी33: सेंटर का जायजा लेने के लिए पहुंची आंगनबाड़ी सुपरवाइजर व वर्कर। संवाद
सफीदों। नगर के वार्ड नंबर 14 स्थित ढेहा बस्ती के क्रेच सेंटर के 10 साल से बंद पड़े होने का मामला सुर्खियों में आने के बाद प्रशासन भी हरकत में आया है। शुक्रवार को सेंटर का जायजा लेने के लिए आंगनबाड़ी की सुपरवाइजर कमला देवी व वर्कर रेनू पहुंचीं और सेंटर का ताला खुलवाया। ताला खोलने से पहले बस्ती के लोग लाठी-डंडों से लैस हो गए कि कहीं ताला खुलने के दौरान अंदर से कोई सांप या बिच्छू न निकल आए। ताला खुलने के बाद अंदर सेंटर में रखा फोल्डिंग, कुर्सियां, मेज, झूले व अन्य सामान टूटा-फूटा पड़ा था। इसके अलावा वहां पर काफी मात्रा में ईंट व रोड़े भी पड़े हुए थे।
सुपरवाइजर कमला देवी ने मौके पर वीडियो अपने अधिकारियों को भेजकर यहां के हालात के बारे में बताया। इस मौके पर काफी तादाद में बस्ती के लोग मौजूद रहे।
कमला देवी ने बताया कि सीडीपीओ कांता ने उन्हें यहां का ताला खोलकर चेक करने के आदेश दिए थे। यहां के हालात की विस्तृत रिपोर्ट बनाकर उच्च अधिकारियों को भेजी जाएगी। उच्चाधिकारियों से जो भी निर्देश आएंगे उसके अनुसार आगामी कार्रवाई की जाएगी। बहरहाल आंगनबाड़ी हेल्पर्स को इसकी साफ-सफाई के लिए यहां पर बुलाया गया है और जल्द ही सेंटर को साफ कर दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि हरियाणा बाल कल्याण परिषद इस क्रेच सेंटर को चला रहा था। 2017 में वर्कर व हेल्पर ने इस्तीफा सौंपकर इसकी चाबी उनको सौंप दी थी।
बस्ती के लोगों का कहना था कि इस केंद्र में गंदगी के ढेर हैं। इस केंद्र में कई बार सांप व बिच्छू निकल चुके हैं। इससे बच्चों की जान को खतरा है। यहां पर कोई अधिकारी, न सुपरवाइजर और न ही कोई वर्कर आती है। 10 साल से यहां पर कोई नहीं आया। यहां रखा सामान गंदगी से खराब हो गया है। बहरहाल इस केंद्र की सुध लिए जाने पर बस्ती निवासी खुश हैं। उन्होंने सरकार से मांग की कि उनकी बस्ती में चल रहे प्राइमरी स्कूल में शौचालय व पीने के पानी की व्यवस्था करवाई जाए।
08जेएनडी33: सेंटर का जायजा लेने के लिए पहुंची आंगनबाड़ी सुपरवाइजर व वर्कर। संवाद
08जेएनडी33: सेंटर का जायजा लेने के लिए पहुंची आंगनबाड़ी सुपरवाइजर व वर्कर। संवाद
08जेएनडी33: सेंटर का जायजा लेने के लिए पहुंची आंगनबाड़ी सुपरवाइजर व वर्कर। संवाद