जींद। रोहतक रोड पर हुई ठेकेदार की हत्या के मामले में दो लाख रुपये के इनामी बदमाश पोंकरी खेड़ी निवासी बलजीत के पिता जुगतीराम को शहर थाना पुलिस ने शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। हालांकि इस मामले में पुलिस नामजद व इनामी बदमाशों को 17 दिन बाद भी गिरफ्तार नहीं कर पाई है। इस संबंध में खुद आईजी ने दो बार पुलिस अधिकारियों की बैठक ली है।
शहर के रोहतक रोड पर 23 नवंबर को ठेकेदार श्यामसुंदर की घर के बाहर ही गोलियां मारकर हत्या कर दी गई थी। मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से पीड़ित परिवार को भी लगातार डर बना हुआ है, जबकि इस मामले में पुलिस मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं कर सकी है। हालांकि आईजी ने मुख्य आरोपियों पर दो लाख व अन्य पर 50 हजार रुपये का इनाम रखा था। हत्याकांड के आरोपियों की गिरफ्तारी के मामले में शुक्रवार को फिर आईजी राकेश आर्य खुद जींद पहुंचे और बैठक कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए सख्त आदेश दिए। इस मामले में पुलिस ने 17 दिन बीतने के बाद भी शूटरों की पहचान नहीं कर सकी है। इससे पुलिस पर बड़े सवाल खड़े हो रहे हैं। शहर थाना प्रभारी दिनेश कुमार ने बताया कि इस हत्याकांड के मुख्य आरोपी बलजीत के पिता जुगतीराम को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है।