जींद। पांडु-पिंडारा स्थित नए बस स्टैंड के पास सर्विस रोड का निर्माण कार्य शुरू हो गया है। सर्विस रोड के निर्माण पर नौ करोड़ रुपये की राशि खर्च होगी। अब जल्द ही नए बस स्टैंड से बसों का संचालन होने की उम्मीद है।
सर्विस लेन निर्माण के लिए पिछले महीने वर्क अलॉट किया गया था। इस पर मंगलवार को काम शुरू हो गया। अगले 15 दिनों में सर्विस लेन का निर्माण कार्य पूरा होने की उम्मीद है। सर्विस लेन को लेकर रोडवेज ने एनएचएआई से एनओसी मांगी थी। एनओसी के लिए रोडवेज ने एनएचएआई के पास पांच लाख 75 हजार रुपये की राशि जमा करवाई है। अक्तूबर 2020 में पांडु-पिंडारा के पास बने नए बस स्टैंड का उद्घाटन हुआ था। तब से ही नए बस स्टैंड पर पेयजल की समस्या और सर्विस लेन के निर्माण को लेकर पेंच फंसा हुआ था। इसके अलावा बस स्टैंड परिसर में 1500 फुट की गहराई पर सबमर्सिबल लगाया गया है, जिसका पानी यात्रियों व कर्मचारियों के लिए पीने लायक है। बता दें कि तत्कालीन भूपेंद्र सिंह हुड्डा सरकार में वर्ष 2013 में पिंडारा के पास नए बस अड्डे की घोषणा की गई थी। 2015 में इस पर काम शुरू हुआ था। 2020 में नए बस स्टैंड का निर्माण कार्य पूरा हो गया था। 32 करोड़ रुपये की लागत से नया बस स्टैंड का निर्माण करवाया गया है। इसमें प्रथम तल पर महाप्रबंधक कार्यालय, चालक-परिचालकों के लिए डोर मैटरी जैसी सुविधाएं रहेंगी तो भूतल पर एक पुलिस पोस्ट, रेस्टोरेंट, एक क्लॉक रूम, 15 दुकानें, महिला प्रतिक्षा कक्ष, दो एटीएम बूथ बनाए गए हैं। बसों को खड़ा करने के लिए 18 बूथ बनाए गए हैं। बस स्टैंड परिसर में सात एकड़ जमीन बसों के खड़ा करने के लिए छोड़ी गई है। वहीं पांच एकड़ में वर्कशॉप का निर्माण किया गया है। बस अड्डे पर पार्किंग की व्यवस्था के अलावा प्रवेश द्वार और निकासी द्वार बनाए गए हैं। पिंडारा के पास नए बस अड्डे के शिफ्ट होने के बाद यात्रियों को शहर में और रेलवे स्टेशन पर पर जाने में परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। नया बस स्टैंड शहर से बिलकुल बाहर होगा।