फोटो नंबर- 11नई अनाज मंडी में डिवाइडर पर पेंट का कार्य करता कारीगर। संवाद
नारनौल। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी 16 नवंबर को राज्यस्तरीय शूरसैनी जयंती समारोह में आएंगे। मुख्यमंत्री दौरे की तैयारियों के चलते दो दिन के अवकाश के बाद सोमवार को भी गेटपास जारी नहीं किए गए। जानकारी के अनुसार सोमवार को टिन शेड के नीचे रखे बाजरे का उठान किया गया।
वहीं बाजरे की खरीद अब टिन शेड के स्थान पर मार्केट कमेटी के बगल वाले खुले हिस्से में की जाएगी। ऐसे में खरीद के दौरान अगर बारिश आती है तो किसानों की फसल भीगने का खतरा बना रहेगा। नई अनाज मंडी में दो टिन शेड बने हुए हैं, एक टीन शेड के नीचे कार्यक्रम और दूसरे टीन शेड के नीचे भोजन की व्यवस्था करने की योजना है।
बाजरे की खरीद के पांच दिन शेष
लगातार तीन दिन खरीद बंद रहने से किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पहले से जारी दिशा-निर्देशानुसार बाजरे की संभावित अंतिम तिथि 15 नवंबर है। ऐसे में बाजरे की खरीद में केवल 5 दिन शेष हैं। जिस दिन गेटपास जारी किए जाते हैं उस दिन अधिक आवक बताकर केवल दोपहर 2 बजे बाद गेटपास जारी बंद कर दिए जाते हैं।
खाली समय में चल रहा बैठकों का दौर
बाजरा खरीद बंद के दौरान मार्केट कमेटी कर्मचारी और व्यापारी कागज पूरे करने में लगे हुए हैं। वहीं मार्केट कमेटी सचिव व व्यापारियों के बीच लगातार बैठकें चल रही है।
टेंट के बीच में आने वाले खंभों को हटाया जा रहा
मुख्यमंत्री दौरे की तैयारियों के बीच बिजली आपूर्ति व स्ट्रीट लाइट के लिए जो खंभे टूटे हुए थे, उनके स्थान पर नए खंभे लगाए जा रहे हैं। वहीं टेंट के बीच में आने वाले कुछ पुराने खंभों को भी हटाया जा रहा है। मंडी में सफाई की जा रही है और सफेदी का कार्य किया जा रहा है।
वर्जन :
सोमवार को टिन शेड के नीचे रखे बाजरे का उठान कार्य किया गया। इसके चलते गेटपास जारी नहीं किए गए। 2 बजे तक 100 से 150 गेट पास जारी किए जाते हैं। सरसों की खरीद में परेशानी आती है। -नकुल यादव, सचिव, मार्केट कमेटी, नारनौल।