जींद। करनाल में आयोजित राज्य स्तरीय महिला सम्मान एवं पुरस्कार समारोह में घटते लिंगानुपात में सुधार प्रोत्साहन पुरस्कार योजना के तहत राज्य स्तर पर जींद जिला को तीसरा स्थान मिलने पर मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने डीसी डॉ. मनोज कुमार को दो लाख रुपये की राशि का चेक व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
डीसी डॉ. मनोज कुमार ने बताया कि महिला सशक्तीकरण को बढ़ावा देने के लिए जिला के प्रबुद्ध नागरिकों की जागरूकता के कारण जिला का लिंगानुपात में काफी सुधार हुआ है। जिला प्रशासन, शिक्षा विभाग, स्वास्थ्य विभाग तथा महिला एवं बाल विकास विभाग के सहयोग से समय-समय पर चलाए जाने वाले बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान, पीएनडीटी एक्ट के तहत बेटियों को बचाने के लिए, स्वास्थ्य विभाग द्वारा अवैध रूप से चलाए जाने वाले लिंग जांच केंद्र पर छापामारी अभियान तथा भ्रूण हत्या न करने को लेकर चलाए जाने वाले जागरूकता अभियान से यह सम्मान प्राप्त हुआ है।
महिला एवं बाल विकास विभाग की परियोजना अधिकारी सीमा प्रसाद ने बताया कि लिंगानुपात में सुधार को लेकर विभिन्न विभागों के सहयोग से जिला प्रशासन द्वारा अभूतपूर्व कार्य किया है। उन्होंने बताया कि जनवरी 2022 से दिसंबर तक की रिपोर्ट के अनुसार लिंगानुपात में जिला को तीसरा स्थान मिला है।मार्च 2023 तक की रिपोर्ट के अनुसार जिला लिंगानुपात के मामले में प्रथम स्थान पर है।