जींद। कैथल रोड पर चांदपुर गांव के पास नीलगाय बचाने के प्रयास में कार बेकाबू होकर पेड़ से टकरा गई। हादसे में दो दोस्तों की मौत हाे गई, जबकि तीन युवक घायल हो गए। घायलों को गंभीर हालत के चलते पीजीआई रेफर किया गया है।
नगूरां निवासी हिमांशु को रविवार को रिश्तेवाले देखने आए थे। इस खुशी में उसने जींद की इम्प्लाइज कॉलोनी निवासी अपने दोस्त सुनील उर्फ सन्नी (29) पुत्र रामकिशन, गांगोली गांव निवासी अमित (26) पुत्र प्रेम सिंह, सेक्टर-11 निवासी हरदीप और कैथल के किठाना गांव निवासी अजय को नगूरां बुलाया था। दिन में कार्यक्रम और शाम को घर पर पार्टी हुई। देर रात सभी दोस्त कार से अजय को किठाना छोड़ने के लिए निकले थे। बताया जा रहा है जब वे चांदपुर गांव के पास पहुंचे तो अचानक नीलगाय सामने आ गई। इससे कार असंतुलित होकर पेड़ से टकरा गई। हादसा इतना भीषण था कि सुनील और अमित की मौके पर मौत हो गई।
राहगीरों ने हादसे में घायल तीन अन्य दोस्तों को नागरिक अस्पताल पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने उनकी हालत गंभीर देखते हुए पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया। जांच अधिकारी आशीष कुमार ने बताया है कि कार हिमांशु चला रहा था, जबकि बगल वाली सीट पर अमित बैठा था। पीछे की सीट पर सुनील, अजय और हरदीप बैठे हुए थे।
12जेएनडी22-मृतक अमित।