जींद। कालवा गांव में मकान का ताला तोड़कर चोर अलमारी में रखी दो लाख रुपये की नकदी व सोने चांदी के जेवर ले गए। पीड़ित की शिकायत मिलने पर पिल्लूखेड़ा थाना पुलिस ने मामला दर्ज किया है।
कालवा गांव निवासी राजकुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 26 मार्च को वह परिवार के साथ दिल्ली में इलाज के लिए गए थे। वह मकान के सभी दरवाजों पर अच्छी तरह से बंद करके गए थे, एक अप्रैल को पड़ोसियों ने फोन कर उनके घर चोरी होने की सूचना दी। जब वह घर पहुंचे तो देखा कि मकान के मुख्य गेट तथा अन्य कमरों पर लगे ताले टूटे पड़े थे। उसने अंदर जाकर सामान की जांच की तो अलमारी व लॉकर का भी ताला टूटा मिला और अलमारी से दो लाख की नकदी, अढ़ाई तोले का सोने का हार, चार तोले की तीन सोने की अंगूठी, तीन तोले की दो सोने की चेन, दो तोले का सोने का कड़ा, 300 ग्राम का चांदी का गुच्छा, एक किलोग्राम की चार जोड़ी पाजेब, तीन चांदी के छल्ले, चार जोड़ी चुटकी, दो जोड़ी चांदी की अंगूठी गायब मिली। पिल्लूखेड़ा थाना प्रभारी हरिओम ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी है।