जींद। बीबीपुर गांव के पास पिता-पुत्र की बाइक सामने से आ रही तेज रफ्तार कार से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार की मौत हो गई, जबकि उसका बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की जानकारी मिलने पर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने अज्ञात कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सदर थाना पुलिस को दी शिकायत में उगालन निवासी मनजीत ने बताया कि वह, उसका भाई संदीप और उसका पिता होशियार सिंह रविवार को किसी काम से बाइक पर सवार होकर जींद जा रहे थे। उसका भाई संदीप व उसका पिता होशियार सिंह एक बाइक पर थे और वह दूसरी बाइक पर था। जब वह बीबीपुर गांव के पास पहुंचे तो सामने से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने उसके भाई की बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में उसका भाई संदीप व उसका पिता होशियार सिंह घायल हो गए। जब वह वाहन का प्रबंध करके उन दोनों को शहर के नागरिक अस्पताल में लेकर गया। वहां पर चिकित्सकों ने उसके पिता होशियार सिंह को मृत घोषित कर दिया और उसके भाई संदीप की गंभीर हालात को देखते हुए उसे रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया। सदर थाना प्रभारी मनीष ने बताया कि सड़क दुर्घटना को अंजाम देने के आरोप में अज्ञात कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।