फोटो 3 नरवाना। नशे के प्रति जागरूक करते हुए डीएसपी कमलदीप राणा। स्रोत पुलिस।
- फोटो : 1
नरवाना। पुलिस की नशा मुक्ति टीम ने शुक्रवार को नोबल अकादमी में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभाव, साइबर अपराधों से बचाव और यातायात नियमों के खिलाफ जागरूक किया।
कार्यक्रम में डीएसपी कमलदीप राणा ने कहा कि जागरूक विद्यार्थी ही सुरक्षित समाज की नींव होते हैं। नशा व्यक्ति के साथ-साथ पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है। युवाओं को खुद नशे से दूर रहकर दूसरों को भी इसके दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक करना चाहिए।
उन्होंने बताया कि हरियाणा पुलिस नशा तस्करों के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही है और आमजन के सहयोग से ही नशामुक्त हरियाणा का लक्ष्य पूरा किया जा सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों को नशा करने वाले व्यक्तियों की सूचना गूगल फॉर्म के माध्यम से गोपनीय रूप से देने की जानकारी भी दी।
नशा मुक्ति टीम के प्रभारी उपनिरीक्षक नरेश कुमार ने साइबर अपराधों से बचाव के उपाय बताते हुए कहा कि ऑनलाइन ठगी, फर्जी लिंक, ओटीपी साझा करने और सोशल मीडिया फ्रॉड से सावधान रहना जरूरी है। उन्होंने साइबर ठगी की स्थिति में तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की अपील की।
उन्होंने विद्यार्थियों को हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने और नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने का संदेश दिया। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने नशामुक्त समाज बनाने और साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने का संकल्प लिया।