जींद। कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए पुलिस ने व्यापक सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था लागू कर दी है। एसपी कुलदीप सिंह के निर्देशन में तैयार किए गए इस ट्रैफिक प्लान के तहत कांवड़ियों की सुविधा के साथ-साथ आम नागरिकों की आवाजाही को भी ध्यान में रखते हुए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं।
पुलिस की व्यवस्था के अनुसार पानीपत की ओर से आने वाले कांवड़िये करसिंधू, सफीदों, बुढाखेड़ा, पिल्लूखेड़ा, मनोहरपुर, निर्जन, जींद, खटकड़, उचाना और नरवाना होते हुए आगे भिवानी, हांसी, सिरसा और फतेहाबाद की ओर प्रस्थान करेंगे। कांवड़ियों से अपील की गई है कि वे केवल निर्धारित पारंपरिक मार्ग का ही उपयोग करें।
शिवरात्रि पर्व को देखते हुए 12 अगस्त की मध्यरात्रि 12 बजे तक पानीपत बॉर्डर से जींद की तरफ आने वाले एसएच-14 मार्ग पर भारी वाहनों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। हल्के एवं मध्यम वाहनों के लिए असंध, अलेवा, नगूरा, गोहाना और अन्य वैकल्पिक मार्ग तय किए गए हैं, ताकि कांवड़ यात्रा के दौरान यातायात प्रभावित न हो।
पानीपत, हिसार, सिरसा, फतेहाबाद और भिवानी की ओर आने-जाने वाले वाहनों के लिए भी अलग-अलग डायवर्जन प्लान लागू किया गया है। पुलिस ने वाहन चालकों से यात्रा शुरू करने से पहले निर्धारित रूट की जानकारी लेने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है। किसी भी आपात स्थिति या सहायता के लिए जिला नियंत्रण कक्ष, डायल-112 तथा संबंधित थाना पुलिस के हेल्पलाइन नंबर जारी किए गए हैं।
वर्जन
कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए पुलिस ने व्यापक सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था लागू कर दी है। कांवड़ यात्रा के दौरान सभी प्रमुख मार्गों पर पुलिस बल तैनात रहेगा और श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए हर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
-कुलदीप सिंह, एसपी जींद