संवाद न्यूज एजेंसी
नरवाना। नरवाना में सैर पर निकली किशोरी से बाइक सवार युवक ने अश्लील हरकत की और अपहरण करने का प्रयास किया। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो अपहरणकर्ता मौके से फरार हो गए। शहर थाना नरवाना पुलिस ने किशोरी के चाचा की शिकायत पर फरार युवक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
नरवाना निवासी एक व्यक्ति ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी 15 वर्षीय भतीजी घर से सैर के लिए निकली थी। वह भी उसकी भतीजी से कुछ दूरी पर था। उसी दौरान टोहाना रोड निवासी लक्ष्य उसकी भतीजी से अश्लील हरकत करने लगा। वह उसकी भतीजी को जबरन बाइक पर बैठाकर भागने लगा तो उसने यह देखकर बाइक सवार का पीछा किया। आरोपी की बाइक फिसलकर गिर गई और वह फरार हो गया।
जब उसने अपनी भतीजी से पूछा तो उसने बताया कि लक्ष्य के पास उसकी फोटो है, जिन्हें सार्वजनिक करने की धमकी देकर उसे ब्लैकमेल कर रहा है। शहर थाना नरवाना पुलिस ने व्यक्ति की शिकायत पर लक्ष्य के खिलाफ अपहरण की कोशिश करने, अश्लील हरकत करने समेत विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।