21जेएनडी30: दिव्यांग बच्चों को एक बैटरी संचालित ट्राइसाइकिल देते हुए। स्रोत: विभाग
जींद। जिला परियोजना संयोजक कार्यालय जींद में राजकीय विद्यालयों में अध्ययनरत दिव्यांग बच्चों के लिए सहायता उपकरण वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बच्चों को ट्राइसाइकिल, व्हीलचेयर और हियरिंग एड वितरित किए गए। इस दौरान बच्चों और उनके अभिभावकों के चेहरों पर खुशी देखने को मिली।
सहायता उपकरणों का वितरण एपीसी रणधीर सिंह ढिल्लो, विशेष अध्यापकों तथा एलिम्को स्टाफ की देखरेख में किया गया। कार्यक्रम के दौरान एलिम्को टीम ने सभी उपकरणों को ऑनलाइन प्रक्रिया के तहत अपडेट और सक्रिय किया।
वितरण कार्यक्रम में दिव्यांग बच्चों को एक बैटरी संचालित ट्राइसाइकिल और दो हाथ से चलने वाली ट्राइसाइकिल दी गईं। इसके अलावा 18 व्हीलचेयर, नौ सीपी चेयर, 28 टीएलएम किट, चार सुगमय केन, चार स्मार्ट फोन, दो बैसाखियां, तीन रोलैटर, 30 हियरिंग एड और सात केएफओ भी वितरित किए गए।
अधिकारियों ने कहा कि इन सहायता उपकरणों से दिव्यांग बच्चों को दैनिक जीवन और शिक्षा के क्षेत्र में काफी सुविधा मिलेगी। विशेष रूप से हियरिंग एड, व्हीलचेयर और ट्राइसाइकिल बच्चों की गतिशीलता और सीखने की क्षमता को बेहतर बनाने में सहायक साबित होंगे।
कार्यक्रम के दौरान अभिभावकों ने सरकार और शिक्षा विभाग की इस पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के उपकरण बच्चों को आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। अधिकारियों ने बताया कि सरकार का उद्देश्य दिव्यांग बच्चों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाकर उन्हें शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ना है, ताकि वे भी आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ सकें।