पत्रकारों से बातचीत करते पूर्व केंद्रीय मंत्री जयप्रकाश।
- फोटो : Jind
उचाना। पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं कांग्रेस नेता जयप्रकाश ने रोहतक में भाजपा सांसद अरविंद शर्मा द्वारा दिए गए आंखें निकालने, हाथ तोड़ने के बयान पर कहा कि भाजपा अरविंद शर्मा को पार्टी से निकाले। भाजपा अरविंद शर्मा को पार्टी में रखती है तो हम समझेंगे कि जो अरविंद शर्मा ने बयान दिया है, वह भाजपा-जेजेपी का षड्यंत्र है। आज दुख इस बात है कि इस तरह के बयान के बाद जेजेपी व भाजपा के एक भी नेता ने अपनी प्रतिक्रिया नहीं दी। जयप्रकाश उचाना मॉडल टाउन में पूर्व सरपंच मंगल सिंह संदलाना के निवास पर पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहा कि भाजपा की जो मानसिकता है, वह सांसद अरविंद शर्मा के बयान से सामने आ गई है। खुद प्रदेश के सीएम मनोहर लाल लठ उठाने का बयान दे चुके हैं। यह लोग फिर से प्रदेश का भाईचारा खराब करना चाहते हैं। सांसद के खिलाफ 307 का मामला भी दर्ज होना चाहिए। हमारा तानाबाना जो सदियों से चला आ रहा है, उसको खराब करने की कोशिश की जा रही है। सांसद ने संसद की गरिमा को भी ध्यान में नहीं रखा। नारनौंद में रामचंद्र जांगड़ा का विरोध नहीं हुआ बल्कि विरोध भाजपा के राज्यसभा सांसद का हुआ है। महापुरुषों का सम्मान हमेशा लोग करते आए हैं करते रहेेंगे। यह विरोध राज्यसभा सांसद का था न कि किसी महापुरुष के दिवस या रामचंद्र जांगड़ा का।
ऐलनाबाद उपचुनाव में इनेलो को मिली जीत पर जयप्रकाश ने कहा कि यहां के लोग सोचते हैं कि सिरसा इनेलो का गढ़ है, लेकिन अब सामने आ गया है कि सिरसा उनका गढ़ नहीं है। हमारे लोगों को बहकाकर यह वोट लेते रहे हैं। अब यहां के लोग बहकावे में नहीं आएंगे। भाजपा ने जीत के लिए हर तरह के हथकंडे अपनाए। उन्होंने कहा कि डिप्टी सीएम कहते थे कि अगर एमएसपी नहीं रहा तो इस्तीफा दे देंगे। आज बाजरे का एमएसपी किसानों को नहीं मिल रहा है। इतना ही नहीं किसानों की पीआर को सस्ते भाव में खरीद कर सरकारी रेट पर बेचने का खेल हो रहा है। इसकी निष्पक्ष जांच की जाए तो सच्चाई सामने आएगी। आज किसानों को डीएपी लेने के लिए परिवार सहित लाइनों में लगना पड़ रहा है।