जींद। सीआईए स्टाफ की टीम ने शुक्रवार देर शाम को नरवाना रोड स्थित शीतलपुरी कालोनी निवासी रामनिवास को ईगराह गांव के नजदीक से अवैध रूप से शराब रखने के आरोप में गिरफ्तार किया है। उसके पास से 180 बोतल अंग्रेजी शराब व 48 बोतल बीयर बरामद हुई है। सदर थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सीआईए जींद इंचार्ज अनूप सिंह ने बताया कि उनकी टीम रामराय गांव की तरफ गश्त पर गई थी। इस दौरान सूचना मिली कि शीतलपुरी कालोनी निवासी रामनिवास टाटा मैजिक में कौथ गांव से राकेश ठेकेदार के पास से शराब लोड करके पोंकरी खेड़ी गांव की तरफ जा रहा है। उनकी टीम ने सूचना के आधार पर पोंकरी खेड़ी से ईगराह रोड पर नाकाबंदी कर वाहनों की जांच की तो वहां पर एक टाटा मैजिक आती दिखाई दी। जिसने पुलिस की गाड़ी को देखकर अपनी गाड़ी को रोक लिया। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर टाटा मैजिक के चालक से पूछताछ की तो उसकी पहचान शीतलपुरी कालोनी निवासी रामनिवास के रुप में हुई और गाड़ी की तलाशी लिए जाने पर अंदर शराब की पेटियां बरामद हुई। चालक के पास इस शराब का लाइसेंस व परमिट नहीं मिला।