जींद। नगर परिषद चेयरपर्सन का पद संभालने के बाद अब डॉ. अनुराधा सैनी हाउस की बैठक बुलाने की तैयारी कर रही हैं। इससे पहले वह सभी वार्डों में जाकर पार्षदों से मिल रही हैं तथा वार्ड की समस्याओं के बारे में जानकारी ले रही हैं ताकि इन समस्याओं को हाउस की बैठक के एजेंडे में शामिल किया जा सके। इसके अलावा वह सभी 31 पार्षदों से भी समस्याओं की जानकारी मांग रही हैं। इसके बाद हाउस की बैठक में इन समस्याओं को दूर करने के लिए बजट पर विचार किया जाएगा।
बताते चलें कि डॉ. अनुराधा सैनी से एक सप्ताह पहले नगर परिषद चेयरपर्सन का कार्यभार संभाल लिया था। इसके बाद उन्होंने शहर का भी दौरा किया है। अब हाउस की बैठक की तैयारियां शुरू हो गई हैं। हाउस की बैठक बुलाने से पहले वह सभी पार्षदों से स्वयं मिलकर उनकी समस्याएं जान रही हैं ताकि इन समस्याओं को हाउस की बैठक में रखकर इनका समाधान किया जा सके। एजेंडा तैयार करने के लिए उन्होंने सभी वार्डों के लोगों की समस्याएं जानने के लिए अभियान शुरू कर दिया है। इसके तहत वह स्वयं व उनके प्रतिनिधि पार्षदों के पास जाकर वार्डों के ऐसे कामों का पता लगा रहे हैं, जिन्हें जल्द शुरू किया जा सकता है। इसके अनुसार ही बैठक के लिए एजेंडा तैयार किया जाएगा।
शनिवार को भी उन्होंने वार्ड नंबर 20, 21 व 22 का दौरा किया। यहां लोगों ने गलियों व पानी की निकासी की समस्याओं से अवगत करवाया। उनके ससुर एवं भाजपा जिला महामंत्री डॉ. राज सैनी ने बताया कि शहर में अधिकतर लोगों ने गलियों को पक्का करवाने, गलियों का लेवल ठीक करवाने, स्ट्रीट लाइट व गंदे पानी की निकासी की समस्याएं बताई हैं। इसके आधार पर ही बैठक का एजेंडा तैयार किया जाएगा।