कालवा गांव में मृतक के परिजनों से बात करते डीएसपी धर्मबीर व मौजूद ग्रामीण। संवाद
- फोटो : Jind
कालवा गांव में स्कूल के चौकीदार की हत्या के मामले में पुलिस प्रशासन द्वारा आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के आश्वासन देने के बाद परिजनों द्वारा देर रात शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया। हालांकि मृतक के परिजनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए जाम लगाने की तैयारी कर ली थी, पर सूचना मिलते ही शाम को डीएसपी धर्मबीर व पिल्लूखेड़ा थाना प्रभारी सुभाष पुलिस बल के साथ कालवा गांव पहुंचकर परिजनों को आरोपियों की गिरफ्तारी का आश्वासन देकर दाह संस्कार करवा दिया।
वीरवार को पिल्लूखेड़ा पुलिस ने मृतक कमल की पत्नी कांता की शिकायत पर गांव के ही विशाल, विकास, रोहित, संदीप, सागर, बिटटू, दीपक, सागर, रमन, पूनम व कुलदीप समेत 11 लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया था। कांता ने कहा कि 17-18 अगस्त की रात को आरोपियों ने उसके घर में घुसकर उसके पति कमल पर लाठी, डंडों व गंडासे से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। वीरवार को उपचार के दौरान कमल की मौत हो गई। शुक्रवार शाम को मृतक कमल के पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव को लेकर गांव में पहुंचे। लेकिन परिजन इस बात पर अड़ गए कि जब तक पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार नहीं करती वो शव का दाह संस्कार नहीं करेंगे। देर रात को डीएसपी के आश्वासन के बाद परिजनों ने मृतक का दाह संस्कार किया।